रांची: झारखंड की राजधानी रांची के दशम फॉल थाना क्षेत्र में मंगलवार को दिनदहाड़े रोड रेज और दबंगई की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। जमशेदपुर से हजारीबाग जा रही तीन युवतियों की कार का स्कॉर्पियो सवार युवकों ने कई किलोमीटर तक पीछा किया और रास्ता रोककर पत्थर से हमला कर कार का शीशा तोड़ दिया। इस घटना में कार का चालक घायल हो गया।
घटनाक्रम के अनुसार, पीड़ित युवतियां अपने ड्राइवर रणवीर सिंह के साथ हजारीबाग जा रही थीं। बुंडू के पास सूर्य मंदिर घूमकर दोपहर करीब 12:27 बजे जैसे ही उनकी कार एनएच (NH) पर आई, एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो (JH-01-GH-4141) ने उन्हें टक्कर मार दी। युवतियों का आरोप है कि गलती स्कॉर्पियो चालक की थी, लेकिन अपनी गलती मानने के बजाय आरोपी अभद्रता करने लगे। विवाद से बचने के लिए जब पीड़ित अपनी कार लेकर आगे बढ़े, तो आरोपियों ने पीछा करना शुरू कर दिया।
जान बचाने के लिए चालक ने गाड़ी को गलत दिशा में भी मोड़ा, लेकिन सनकी युवक पीछा करते रहे। पीड़ितों ने दोपहर 12:33 बजे आपातकालीन नंबर डायल-100 पर कॉल कर पुलिस को स्कॉर्पियो का नंबर और लोकेशन दी, लेकिन समय पर कोई मदद नहीं मिली। दोपहर करीब 12:48 बजे दशम फॉल के पास आरोपियों ने कार को घेर लिया और खिड़की का शीशा पत्थर मारकर तोड़ दिया, जिससे उड़ते हुए कांच के टुकड़ों से चालक घायल हो गया।
चीख-पुकार सुनकर जब आसपास के स्थानीय लोग मौके पर जुटने लगे, तो आरोपी धमकी देते हुए फरार हो गए। घटना के बाद दोपहर करीब 12:58 बजे दशम फॉल थाना प्रभारी पुलिस टीम के साथ पहुंचे। इस घटना ने हाईवे पेट्रोलिंग और पुलिस रिस्पॉन्स टाइम पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
मामले पर रांची के ग्रामीण एसपी गौरव गोस्वामी ने बताया कि कंट्रोल रूम से सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची। इलाका अंदरूनी होने के कारण थोड़ा समय लगा। पुलिस ने आरोपी वाहन को जब्त कर लिया है और आरोपियों के खिलाफ एफआईआर (FIR) दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।



