लातेहार। सदर थाना क्षेत्र के मननचोटाग रेलवे फाटक से डेढ़ सौ मीटर की दूरी पर रेलवे लाइन पर गुरुवार को एक 12 वर्षीय बच्ची का शव बरामद हुआ। बच्ची का शरीर दो भागों में कटा हुआ था। मृत लड़की की पहचान सदर थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली के रूप में किया गया है।
जानकारी के अनुसार गुरुवार को कुछ लोगों ने रेलवे ट्रैक पर एक लड़की का शव देखकर पुलिस को इसकी सूचना दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की छानबीन करने लगी। इसी बीच मृत लड़की के परिजन वहां पहुंच गए और उसकी पहचान की। लड़की के परिजनों ने बताया कि यह मानसिक रूप से थोड़ी कमजोर थी। बुधवार की रात खाना खाने के बाद अचानक घर से गायब हो गई थी। सुबह-सुबह लोग किसी की खोजबीन कर रहे थे। तभी उन्हें जानकारी मिली की रेलवे ट्रैक पर एक लड़की का शव पड़ा हुआ है। इसी सूचना पर वे लोग यहां पहुंचे तो देखा कि उन्हीं की लड़की का शव है। परिजनों ने बताया कि घटनास्थल से उनके गांव की दूरी लगभग 5 किलोमीटर है। ऐसे में इतनी दूर लड़की का शव मिलना कई संदेह  उत्पन्न कर रहा है।
इधर, पुलिस अधिकारियों ने लड़की के शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट रूप से कुछ कहा जा सकता है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
Share.

Comments are closed.

Exit mobile version