आजाद सिपाही संवाददाता
मधुपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा ने मधुपुर से एक गरीब के बेटे को टिकट इसलिए दिया कि मैं यहां की गरीब जनता की सेवा कर सकूं। आपकी सेवा करना ही मेरे जीवन का मकसद है। जनता का काम हो यही मेरा उद्देश्य है। शुक्रवार को मधुपुर के मरगोमुंडा में चलाये गये जनसंपर्क अभियान में ये बातें एनडीए उम्मीदवार गंगा नारायण सिंह ने कहीं। उन्होंने कहा कि यहां सिर्फ भाजपा का ही नाम हो रहा है। मधुपुर विधानसभा में सिर्फ कमल ही कमल खिलेगा। मरगोमुंडा जैसी जगह पर लोग कहते हैं कि यहां वंशवाद का गढ़ है, इसे हम ढाह देंगे। वंशवाद कभी लड़ नहीं सकता, क्योंकि इन्हें गुलामी पसंद है। इनको तो लोगों को खरीदना पसंद है। गंगा सिंह आपको वचन देता है कि मधुपुर के मंदिरों में जो भी काम होगा, उसे पूरा करके दिखाऊंगा। गंगा सिंह से मिलने के लिए किसी की पैरवी की जरूरत नहीं है। गंगा भैया जीतेंगे तो हर घर में भगवा लहरायेगा। ये भगवा है इसे कहीं झुकने मत देना। गंगा सिंह माड़-भात खाकर यहां तक पहुंचा है। गंगा नारायण सिंह ने सारठ विधायक रणधीर सिंह के साथ मिलकर मरगोमुंडा के सुग्गापहाड़ी और द्वारपहाड़ी जैसे 18 स्थानों पर जनसंपर्क किया।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version