रांची। आजसू, राजद, भाकपा, माले और माकपा ने शिक्षा मंत्री के निधन पर शोक जताया है। आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष और राज्य के पूर्व उप मुख्यमंत्री सुदेश कुमार महतो ने गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि झारखंड सरकार के शिक्षा मंत्री जगरनाथ महतो के निधन की खबर से आहत हूं। वे जुझारू तेवर के और जमीन से जुड़े नेता थे। उनका असमय जाना झारखंड की राजनीति में अपूरणीय क्षति है। ईश्वर उन्हें अपने श्रीचरणों में स्थान दें।
राजद के प्रदेश अध्यक्ष संजय सिंह यादव ने कहा कि शिक्षा मंत्री का निधन राज्य के लिए अपूरणीय क्षति है। हम सब ने एक जननेता को खो दिया। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें एवं उनके समस्त चाहने वालों तथा परिवार को दुख सहने की शक्ति दे। भाकपा नेता भुवनेश्वर प्रसाद मेहता ने कहा कि उनके निधन से राज्य के लोकतांत्रिक आंदोलन को भारी क्षति हुई है। वे एक कर्मठ, सरल और मिलनसार व्यक्तित्व के धनी राजनेता थे। साथ ही कुशल प्रशासक थे। उनके निधन पर राज्य सचिव महेंद्र पाठक एवं कार्यालय सचिव अजय कुमार सिंह ने भी शोक जताया है।
माकपा के राज्य सचिव प्रकाश विप्लव ने कहा कि जगरनाथ महतो के निधन से राज्य के लोकतांत्रिक आंदोलन को भारी क्षति हुई है। वे एक सरल और मिलनसार व्यक्तित्व के राजनेता थे। माले नेता भुवनेश्वर केवट ने कहा कि जगरनाथ महतो का निधन राज्य के लिए अपूरणीय क्षति है। भाकपा माले राज्य कमेटी इनके निधन पर गहरी शोक-संवेदना व्यक्त करती है। भाकपा-माले के राज्य सचिव मनोज भक्त, पोलित ब्यूरो सदस्य जनार्दन प्रसाद, केंद्रीय कमेटी के सदस्य शुभेंदु सेन, राज्य कमेटी सदस्य भुवनेश्वर केवट ने उनके निधन और शोक संतृप्त परिवार और परिजन के प्रति गहरी शोक-संवेदना प्रकट करती है।