-प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज एक बार फिर लोगों से होंगे रूबरू
-भाजपा ने की खास तैयारी, 4 लाख जगहों पर सुनने की व्यवस्था
-झारखंड में भी गांव-गांव तक की गयी है तैयारी
-सुबह 11 बजे से रेडियो पर होगा प्रसारण
-यूएन मुख्यालय में भी सुना जाएगा लाइव
-माइक्रोसॉफ्ट के सह-संस्थापक बिल गेट्स ने दी बधाई
आजाद सिपाही संवाददाता
नयी दिल्ली/रांची। ‘मन की बात’ कार्यक्रम का रविवार को 100वां एपिसोड पूरा होने जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कार्यक्रम के जरिए एक बार फिर लोगों से रू-ब-रू होंगे। कार्यक्रम सुबह 11 बजे शुरू होगा। कार्यक्रम के शतकीय पारी लागने पर भाजपा ने खास तैयारी की है। इसे ऐतिहासिक बनाने की तैयारी की गयी है। भाजपा सूत्रों के मुताबिक देश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सुनने के लिए 4 लाख स्थानों पर व्यवस्था की गयी है। झारखंड में भी कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता प्रदेश से लेकर जिला और प्रखंड स्तर तक तैयारी की गयी है। उधर, खास बात यह है कि इस बार कार्यक्रम का प्रसारण प्रसारण संयुक्त राष्ट्र के मुख्यालय में भी किया जाएगा। माइक्रोसॉफ्ट के सह-संस्थापक बिल गेट्स ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बधाई दी है।

हर विधानसभा क्षेत्र में होगा प्रसारण:
भाजपा ने ‘मन की बात’ की 100वीं कड़ी को अभूतपूर्व जनसंपर्क कार्यक्रम बनाने की पूरी तैयारी कर ली है। देश के हर विधानसभा क्षेत्र में औसतन 100 स्थानों पर सुविधाएं आयोजित करने की तैयारी है। भाजपा सांसद और विधायक इस कवायद की निगरानी के लिए अपने-अपने निर्वाचन क्षेत्र में रहेंगे। पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेता भी अलग-अलग क्षेत्र में रहेंगे। देश के विभिन्न राज्यों के राज्यपाल के कार्यालय, अधिकारियों के कार्यालय अदि जगहों पर भी कार्यक्रम को सुनने के लिए विशेष व्यवस्था की गयी है।

विदेशों में भी सुनने की व्यवस्था:
भाजपा सूत्रों के मुताबिक प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को देश ही नहीं विदेशों में भी कई जगह सुनने की व्यवस्था की गयी है। इसके लिए विदेश् में पार्टी के प्रतिनिधियों और कई संगठन आगे आये हैं। यूएन ने ट्वीट पर कहा कि ऐतिहासिक क्षण के लिए तैयार हो जाइये। पीएम मोदी के मन की बात कार्यक्रम का 100वां एपिसोड का लाइव प्रसारण यूएन मुख्यालय में ट्रस्टीशिप काउंसिल चैंबर में भी दिखाया जाएगा। कार्यक्रम का लाइव प्रसारण भारतीय समयनुसार 30 अप्रैल को सुबह के 11 बजे होगा, तब न्यू यॉर्क में डेढ़ बज रहा होगा। संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में रविवार को इस कार्यक्रम का सीधा प्रसारण ऐतिहासिक और अभूतपूर्व होगा। न्यूयॉर्क में भारत के महावाणिज्य दूतावास, सामुदायिक संगठन के साथ मिलकर भारतीय-अमेरिकी और प्रवासी समुदाय के लिए न्यू जर्सी में रविवार डेढ़ बजे इस कार्यक्रम की मेजबानी करेंगे। माइक्रोसॉफ्ट के सह-संस्थापक बिल गेट्स ने कहा है कि मन की बात ने महिलाओं के आर्थिक, सशक्तिकरण, स्वास्थ्य, स्वच्छता और अन्य मुद्दों पर विकास के क्षेत्र में जागरूक किया है।

झारखंड प्रसारण सुनने को है तैयार:
‘मन की बात’ कार्यक्रम 2014 में शुरू हुआ था। यह हर महीने के आखिरी रविवार को प्रसारित किया जाता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इसके जरिए लोगों से रू-ब-रू होते हैं। जिस साल वह सत्ता में आये थे, तब से कार्यक्रम जारी है। राज्य भर से विभिन्न क्षेत्रों की 100 प्रमुख हस्तियों भी राज्यपाल के साथ मन की बात सुनने के लिए राजभवन में आमंत्रित किया गया है। विशिष्ठ अतिथियों में झारखंड के पद्मश्री से सम्मानित लोग, खेल जगत, सामाजिक सेवा, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं आदिवासी मामलों के जानकार शामिल हैं। इसके साथ ही झारखंड के जिन लोगों का, उनके सामाजिक योगदान के लिए, पीएम द्वारा मन की बात के विभिन्न प्रसारणों में जिक्र किया गया है, वो भी इस कार्यक्रम में सम्मिलित होंगे। इसी तरह पार्टी के स्तर पर भी प्रदेश से लेकर प्रखंड तक तैयारी की गयी है।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version