रांची। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व सांसद दीपक प्रकाश ने कहा कि हेमंत सरकार को उखाड़ फेंकने के लिए उलगुलान होगा। इस भ्रष्टाचार और निकम्मी हेमंत सरकार के ख़िलाफ़ मंगलवार का घेराव ऐतिहासिक होगा। भाजपा के सचिवालय घेराव कार्यक्रम की पूर्व संध्या पर सोमवार को प्रेस वार्ता करते हुए दीपक प्रकाश ने हेमंत सरकार पर ज़ोरदार हमला बोला। प्रदेश अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि सचिवालय घेराव के लिए आने वाले भाजपा कार्यकर्ताओं और बस मालिकों को थाना प्रभारी धमका रहे हैं। उन्होंने कहा कि हेमंत सरकार के कारण राज्य की स्थिति भयावह है। साढ़े तीन करोड़ जनता त्रस्त है। युवा, नौजवान, बेरोज़गार, महिला, किसान, पिछड़ा, दलित आदिवासी परेशान है और भ्रष्टाचार चरम पर है।

उन्होंने कहा कि आंदोलन से हेमंत सरकार घबराई हुई है। धनबाद, खूंटी समेत कई ज़िलों में भाजपा के कार्यकर्ताओं और बस मालिकों को लोकल थाना प्रभारी व अन्य पदाधिकारी धमका रहे हैं, लेकिन भाजपा के लोग डरने वाले नहीं हैं। अहिंसक आंदोलन में झारखंड प्रदेश के सभी ज़िलों से हज़ारों हज़ार लोग शामिल होने के लिए आने वाले हैं। आंदोलन में भाजपा कार्यकर्ता व प्रदेश की आम जनता, युवा, नौजवान, बेरोज़गार, महिला, किसान, दलित, पिछड़ा और आदिवासी शामिल होने वाले हैं। उन्होंने कहा कि 3.85 लाख ग्राम आवास की स्वीकृति होने के बावजूद मात्र 41 हजार आवास ही बन पाए। उन्होंने कहा कि झारखंड में प्रति व्यक्ति आय 85400 है जबकि देश में 1.97 लाख प्रति व्यक्ति है। तीन वर्षों में लगभग डेढ़ लाख से अधिक आपराधिक मामले दर्ज किए गये हैं। बहन बेटियों की इज्जत तार-तार किया जा रहा है। राज्य में हत्याओं का प्रतिशत भी देश के आंकड़े से कहीं ज़्यादा है। नक्सल घटनाओं में बढ़ोतरी हुई है। बिचौलियों के लिए सरकार कार्य कर रही है। पूरे देश की सबसे निकृष्ट सरकार हेमंत सरकार है। राज्य में वित्तीय अराजकता की स्थिति है। अधिकारियों के यहां छापे पड़ने पर जेएमएम, कांग्रेस और राजद के पेट में दर्द हो रहा है।

उन्होंने कहा कि सरकार तुष्टिकरण की राजनीति और वोट बैंक के कारण विशेष लोगों को, अपराधियों को संरक्षण दिया जा रहा है। इससे संताल परगना की डेमोग्राफिक चेंज हो गया है। हिंसात्मक घटनाओं को अंजाम देने वालों को सरकार संरक्षण दे रही है।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version