रांची। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी ने सोमवार को झारखंड प्रदेश महिला कांग्रेस कमेटी की नई अध्यक्ष के रूप में रमा खलखो की नियुक्ति की है। उनकी नियुक्ति पर झारखंड कांग्रेस परिवार में हर्ष और उत्साह का माहौल है। रमा खलखो की नियुक्ति अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने सोमवार को की।

रमा खलखो की नियुक्ति पर प्रदेश कांग्रेस ने पार्टी के राष्ट्रीय नेता मल्लिकार्जुन खड़गे, पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी, नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा और संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल, राष्ट्रीय महिला अध्यक्ष अलका लांबा के प्रति आभार व्यक्त किया है। प्रदेश कमेटी ने कहा है कि राष्ट्रीय नेतृत्व ने एक सशक्त, जुझारू और जमीन से जुड़ी महिला नेत्री को यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है।

वहीं प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने रमा खलखो को बधाई देते हुए कहा कि रमा खलखो के नेतृत्व में झारखंड महिला कांग्रेस और भी अधिक मजबूती के साथ कार्य करेगी एवं प्रदेश की महिलाओं की आवाज बुलंद कर संगठन को नई दिशा, नई ऊर्जा तथा नया विस्तार देगी।

उन्होंने कहा कि रमा खलखो का नेतृत्व महिलाओं के संघर्ष, स्वाभिमान और अधिकारों की मजबूत आवाज बनेगा। लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के साथ-साथ भाजपा की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ महिला कांग्रेस अब और भी प्रखरता से सड़क से सदन तक संघर्ष करेगी।

वहीं प्रदेश कांग्रेस के सभी वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और महिला कांग्रेस की टीम ने रमा खलखो को बधाई देते हुए पूर्ण समर्थन और सहयोग का विश्वास व्यक्त किया है। रमा खलखो को बधाई देने वाले में पार्टी के रवींद्र सिंह, राकेश सिन्हा, सतीश पौल मुंजनी, अमूल नीरज खलखो, सोनल शांति, डॉ राकेश किरण महतो, कुमार राजा सहित अन्य का नाम शामिल है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version