-भाजपा नेता अभय सिंह समेत 55 गिरफ्तार
-ड्रोन से की जा रही निगरानी
आजाद सिपाही संवाददाता
जमशेदपुर। जमशेदपुर में 10 अप्रैल की रात कथित तौर पर धार्मिक झंडे में मांस बांधने की घटना के बाद भड़की हिंसा के बाद तनाव बरकरार है। जानकारी के मुताबिक शास्त्रीनगर ब्लॉक-2 में भड़की हिंसा के बाद पुलिस बल की भारी तैनाती की गयी है। रैपिड एक्शन फोर्स (आरपीएफ) को उतारा गया है। भाजपा नेता अभय सिंह समेत 55 लोगों को अब तक गिरफ्तार किया गया है। इंटरनेट को बंद कर दिया गया है। हिंसा प्रभावित इलाके की ड्रोन से निगरानी की जा रही है।
हिंसा में संलिप्त लोगों की पहचान जारी:
शहर के विभिन्न इलाकों में पुलिस चौकसी बढ़ा दी गयी है। भारी संख्या में पुलिस बल और आरपीएफ को तैनात किया गया है। हिंसा में संलिप्त लोगों की पहचान की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहनुा है कि हालात नियंत्रण में है। घटना के विरोध में जमा हुई भीड़ को वापस घर भेज दिया गया। पुलिस और आरएएफ के जवान गश्त कर रहे हैं।
उपायुक्त ने अफवाह ना फैलाने की अपील की:
पूर्वी सिंहभूम की उपायुक्त विजया जाधव ने कहा कि हम स्थिति का आकलन कर रहे हैं। शहर में हालात सामान्य करने के लिए शांति समिति की बैठक की जाएगी। शहर में दोनों समुदायों के बुद्धिजीवियों से संवाद स्थापित किया जा रहा है। उपायुक्त ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी अफवाह पर भरोसा ना करें और ना ही अफवाह फैलाएं। शहर में इंटरनेट सेवा भी अगले आदेश तक बंद कर दी गयी है। हिंसा प्रभावित इलाकों में धारा-144 के तहत निषेधाज्ञा लागू की गयी है। स्थिति की समीक्षा के बाद इंटरनेट बहाल करने पर फैसला होगा।