रांची। भाजपा के सचिवालय घेराव कार्यक्रम को सत्तारूढ़ झारखंड मुक्ति मोर्चा ने फ्लाप करार दिया है। झामुमो के वरिष्ठ नेता विनोद कुमार पांडेय ने कहा कि इससे अधिक भीड़ तो नुक्कड़ सभाओं में होती है। सचिवालय घेराव कार्यक्रम में इनके कार्यकर्ता नहीं जुटे तो भाजपा के नेता सरकारी मशीनरी के दुरुपयोग के बहाने बना रहे हैं।
भाजपा के नेताओं ने मजमा लगाकर पुलिस बल पर पत्थर फेंके। सवाल उठाया कि यह जांच का विषय है कि पत्थर चलाने का प्रशिक्षण भाजपा अपने कार्यकर्ताओं को कहां देती है। मुट्ठी भर उत्पाती लोगों के सहारे भाजपा राज्य में फिर से सत्ता पर काबिज होने का सपना देख रही है। दरअसल भाजपा के नेताओं को हेमंत फोबिया हो गया है। भाजपा के सारे नेता हेमंत सोरेन की लोकप्रियता से डर गए हैं। यही कारण है कि एक-दूसरे को पसंद नहीं करने वाले भी एक मंच पर आकर ज्ञान दे रहे हैं। इन्हें लग रहा है कि हेमंत सोरेन की लोकप्रियता के आगे ये टिक नहीं पाएंगे। इन्हें दिन-रात सपने में हेमंत सोरेन नजर आते हैं। शायद सपने में भी हेमंत-हेमंत चिल्लाते होंगे। इनकी सत्ता पाने की बौखलाहट को राज्य की जनता समझ चुकी है।