लखनऊ। बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती रविवार को पार्टी मुख्यालय 12 माल एवेन्यू में अहम बैठक करने जा रही हैं। इसमें प्रदेश अध्यक्ष, मंडल कोऑर्डिनेटर, जिलाध्यक्ष समेत अन्य पदाधिकारी भी शामिल होंगे।
पार्टी की ओर से रविवार को होने वाली बैठक की शुरूआत 11 बजे से होगी। इसमें प्रदेश में होने वाले निकाय चुनाव और आगामी लोकसभा चुनाव की रणनीति पर मंथन किया जाएगा। बैठक में पार्टी की ओर से गांव-गांव चल रहे अभियान की समीक्षा की जाएगी। इसके आधार पर ही आगे की रणनीति तय की जाएगी। चुनाव के लिहाज से की जाने वाली यह बैठक बहुत ही महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
उल्लेखनीय है कि यूपी निकाय चुनाव को लेकर पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष विश्वनाथ पाल सिंह का बयान आया था। इसमें उन्होंने कहा था कि बसपा 2007 के फार्मूले पर चुनाव लड़ेगी और उसका किसी भी पार्टी से गठबंधन नहीं होगा।