वाराणसी। नगर निकाय चुनाव में पार्षद और महापौर पद के उम्मीदवारों ने प्रचार अभियान शुरू कर दिया है। पार्षद प्रत्याशी जहां अपने वार्डो में जनसम्पर्क कर रहे हैं। वहीं, महापौर पद के उम्मीदवार एक दिन में एक विधानसभा क्षेत्र के वार्डो में अपने-अपने पार्टी पदाधिकारियों के साथ जनसम्पर्क कर रहे हैं।
भाजपा के महापौर प्रत्याशी अशोक तिवारी ने गुरुवार को प्रदेश के कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर और पार्टी के नेताओं के साथ शिवपुर विधानसभा क्षेत्र में जनसम्पर्क किया। भाजपा के वार्ड नंबर 69 आदिविशेश्वर के पार्षद प्रत्याशी इंद्रेश सिंह अलसुबह से ही कार्यकर्ताओं के साथ वार्ड में जनसम्पर्क में जुटे रहे। इस दौरान इंद्रेश सिंह घर-घर जाकर लोगों से मिलकर मतदान के लिए भी प्रेरित करते रहे।
इसी क्रम में सपा के वार्ड नंबर 85 धूपचंडी के प्रत्याशी प्रमोद राय कार्यकर्ताओं के साथ जनसम्पर्क करते रहे। कांग्रेस के महापौर प्रत्याशी अनिल श्रीवास्तव सिगरा क्षेत्र में पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ जनसम्पर्क कर लोगों से आशीर्वाद मांगते रहे। कांग्रेस उम्मीदवार ने शहीद उद्यान में मार्निग वॉक कर रहे लोगों से मिलकर समर्थन मांगा। इस दौरान महानगर अध्यक्ष राघवेन्द्र चौबे और अन्य कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।
-निकाय चुनाव में भाजपा उम्मीदवारों के पक्ष में माहौल बनायेंगे मुख्यमंत्री योगी
नगर निकाय चुनाव में भाजपा के महापौर और पार्षद उम्मीदवारों के पक्ष में माहौल बनाने के लिए प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी वाराणसी आयेंगे। भारतीय जनता पार्टी चुनाव संचालन समिति के पदाधिकारियों के अनुसार 25 से 30 अप्रैल के बीच प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एवं उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य एवं ब्रजेश पाठक की जनसभाए एवं अन्य कार्यक्रम शहर में प्रस्तावित हैं।
पार्टी के जिलाध्यक्ष एवं एमएलसी हंसराज विश्वकर्मा, महानगर अध्यक्ष विद्यासागर राय, पूर्व मंत्री और शहर दक्षिणी के विधायक डॉ नीलकंठ तिवारी, कैंट विधायक सौरभ श्रीवास्तव, रोहनिया विधायक सुनील पटेल,राज्यमंत्री रविन्द्र जायसवाल, कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर भी प्रचार अभियान की कमान संभाले हुए हैं। चुनाव में भाजपा के सभी उम्मीदवारों को भारी मतों से जीत दिलाने के लिए पार्टी पदाधिकारियों की बैठक भी हो रही है।