गोरखपुर। गोरखपुर महोत्सव के मंच से आगरा महोत्सव (ताज महोत्सव) के मंच तक अंग्रेजी, स्पेनिश, हिंदी और पंजाबी संगीत के फ्यूजन और ट्रेडिशन वियर में रैंप वॉक कर सबका दिल जीतने वाली वनटांगियां बेटियों के सम्मान में एक कार्यक्रम का अयोजन हुआ। इस दौरान समाज में कार्य करने वालों को भी सम्मानित किया गया। लोग फिल्म अभिनेता और सांसद रवि किशन के हाथों सम्मानित होकर उल्लास से भरे रहे।
समारोह को सम्बोधित करते हुए सांसद रविकिशन ने कहा कि मुख्यमंत्री बनने के बाद योगी आदित्यनाथ ने महज पांच दीपावली में वनटांगिया समुदाय का सौ साल का दर्द मिटा दिया। हेरिटेज फाउंडेशन के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम को सम्बोधित कर रहे सांसद ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लोकसभा में वनटांगिया अधिकारों के लिए लड़ते रहे। वर्ष 2010 में उन्हें अपने स्थान पर बने रहने का अधिकार पत्र दिलाने में सफल रहे। मुख्यमंत्री बनने के बाद योगी ने अपने कार्यकाल के पहले ही वर्ष वनटांगिया गांवों को राजस्व ग्राम का दर्जा दे दिया।
उन्होंने कहा कि राजस्व ग्राम घोषित होते ही ये वनग्राम हर उस सुविधा के हकदार हो गए जो यहाँ के सामान्य नागरिक को पहले नहीं मिलती थी। तीन साल के कार्यकाल में उन्होंने वनटांगिया गांवों को आवास, सड़क, बिजली, पानी, स्कूल, आंगनबाड़ी केंद्र और आरओ वाटर मशीन जैसी सुविधाओं से आच्छादित कर दिया है। वनटांगिया गांवो में आज सभी के पास अपना पक्का आवास, कृषि योग्य भूमि, आधार कार्ड, राशन कार्ड, रसोई गैस है। बच्चे स्कूलों में पढ़ रहे हैं, पात्रों को वृद्धा, विधवा, दिव्यांग आदि पेंशन योजनाओं का लाभ मिल रहा है। वनटांगिया समाज के साथ वे खुद भी खड़े हैं। कोई भी जरूरत हो वे हर संभव मदद के लिए तैयार हैं।