मुंबई। मुंबई से सटे पालघर जिले के समुद्री क्षेत्र में शनिवार की सुबह संदिग्धावस्था में एक नाव दिखने से खलबली मच गई। इसकी जानकारी मिलते ही भारतीय नौसेना, तटरक्षक बल की टीम और अन्य सुरक्षा एजेंसियां संदिग्ध नाव को सरगर्मी से तलाश रही हैं। हालांकि समाचार लिखे जाने तक इस संबंध में किसी भी तरह की जानकारी मीडिया को नहीं दी गई है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार आज सुबह तकरीबन 9 बजे पालघर जिले के समुद्री इलाके में संदिग्धावस्था में एक नाव देखी गई। बताया जा रहा है कि इस नाव में पाकिस्तानी नागरिक भी दिखे थे। इसके बाद संबंधित विभाग की टीम ने यह जानकारी तत्काल उच्च स्तर पर दी, जिसके बाद नौसेना और तटरक्षक बल की टीम उस नाव को ढ़ूढ़ रही है। समाचार लिखे जाने तक इस संबंध में कोई अतिरिक्त जानकारी नहीं मिली है।
दरअसल, मुंबई में 26-11 के हमलों के बाद मुंबई पुलिस और अन्य एजेंसियां समुद्र तट की रक्षा के लिए नियमित निगरानी कर रही हैं। इसी वजह से आज पालघर समुद्र में संदिग्धावस्था में एक नाव देखे जाने की सूचना के बाद सभी एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। इसी तरह पिछले साल सितंबर महीने में उरण में करंजा के पास समुद्र में मछली पकड़ने वाली एक नाव मिली थी। वह नाव बिना नंबर प्लेट वाली थी।