आजसू ने किया नमन
रांची। भारत रत्न डॉ भीमराव अंबेडकर की जयंती पर आजसू केंद्रीय कार्यालय में पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं द्वारा उनके छायाचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गयी। मौके पर उपस्थित पार्टी के केंद्रीय महासचिव ब्रज मोहन कुमार ने बाबा साहेब की जीवनी पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब ने समाज की कुरीतियों को दूर करने का दृढ़ संकल्प किया। निरंतर प्रयास करते हुए एक समरस समाज की कल्पना की।

उन्होंने वास्तव में शोषित समाज को मुख्य धारा से जोड़ने और समाज के अंतिम व्यक्ति तक न्याय पहुंचाने का कार्य किया। मौके पर युवा आजसू के प्रदेश संयोजक गौतम सिंह ने कहा कि भारतीय संविधान के निर्माता बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर ने अपना संपूर्ण जीवन अन्याय और अमानवीय व्यवस्था के खिलाफ संघर्ष को समर्पित किया। उनका संपूर्ण जीवन आने वाली कई पीढ़ियों को प्रेरित करता रहेगा। इस दौरान आशुतोष गोस्वामी, अजीत कुमार, अभिषेक झा, रोहित चौधरी, वेदांत कौस्तव, रित्विक राज, रिशु कुमार, मुकेश कुमार, अनमोल प्रजापति, सुमित साहू, सचिन साहू, अमरजीत कुमार समेत अन्य उपस्थित थे।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version