रांची। हेमा मालिनी पर कांग्रेस नेता रणदीप सुरजेवाला के बयान को लेकर भाजपा हमलावर है। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता राफिया नाज ने सुरजेवाला पर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि गत 31 मार्च को कैथल जिले के गांव फरल में कुरुक्षेत्र में आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार सुशील गुप्ता के पक्ष में जनसभा करते हुए कांग्रेस के महासचिव रणदीप सुरजेवाला ने भाजपा की वरिष्ठ नेत्री और मथुरा से सांसद हेमा मालिनी पर निंदनीय और अशोभनीय टिप्पणी की है।

राफिया नाज ने गुरुवार को प्रदेश कार्यालय में पत्रकार वार्ता में कहा कि कांग्रेस के इतिहास में कई ऐसी घटनाएं हैं, जिससे महिलाओं के मान और स्वाभिमान को धक्का लगा है। इसकी शृंखला काफी लंबी है। उन्होंने कहा कि इससे पहले कांग्रेस प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने भाजपा उम्मीदवार और प्रसिद्ध अभिनेत्री कंगना रनौत के खिलाफ अशोभनीय टिप्पणी की थी। देश के अलग-अलग हिस्सों में कांग्रेस नेताओं की ओर से दिए गए बयानों से स्पष्ट है कि पार्टी की नजर में महिलाओं का कोई स्थान नहीं है।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version