देश में कोई भी भूखा नहीं सोयेगा: बाबूलाल
रांची। झारखंड के प्रभारी लक्ष्मीकांत वाजपेयी और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने सोमवार को हरमू रोड में स्थित मारू टावर में भाजपा के मीडिया सेंटर का उद्घाटन किया। साथ ही सभी ने भरोसा जताया कि भाजपा के संकल्प, मोदी की गारंटी पर झारखंड के लोग भी चुनाव में भरोसा जतायेंगे। मौके पर मीडिया से बात करते हुए बाबूलाल मरांडी ने कहा कि रविवार को पार्टी का घोषणा पत्र जारी हो गया है। पीएम ने गरीबों के लिए कई योजनाएं शुरू की हैं। देश में कोई भी भूखे नहीं सोयेगा। यह मोदीजी की गारंटी है। गरीबों को इलाज के लिए आयुष्मान योजना से जोड़ा। पैसे के अभाव में इससे इलाज अब नहीं रुकता। इसे और विस्तार देते हुए पीएम ने 70 साल पूरा करनेवाले या इससे अधिक के सभी वर्ग के लोगों को भी इसका लाभ देने की बात की है। बीमार होने के बाद उनका इलाज नहीं हो पाता था, उसे भी लाभ मिलेगा। 10 वर्ष में 4 करोड़ से अधिक आवास दिया। आनेवाले समय में और तीन करोड़ लोगों को आवास सरकार देगी। इस तरह से सबको अपना घर देने की तैयारी है। फूड प्रोसेसिंग हब बनाने की तैयारी है, जिससे किसानों को लाभ मिलेगा। रोजगार के अवसर भी सृजित होंगे। अपोजिशन जो कहता है कि रोजगार की बातें भाजपा नहीं करती, अब इसका जवाब इससे दिखेगा। श्री अन्न योजना, सहकारिता नीति लायेंगे। स्वनिधि स्कीम से गांवों में 50 हजार का कर्ज मिलेगा। मौके पर प्रदेश मीडिया प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव, मीडिया प्रभारी शिवपूजन पाठक, सह मीडिया प्रभारी योगेंद्र प्रताप सिंह, अशोक बड़ाईक समेत पार्टी के अन्य नेता भी उपस्थित थे।
जनजातीय वर्ष मनाया जायेगा
बाबूलाल मरांडी ने कहा कि देश में जनजातीय वर्ष मनाया जायेगा। इसके जरिये हमारे जनजातीय समाज से जुड़े नायकों, महापुरूषों को सम्मान मिलेगा। देश में तीन करोड़ ग्रामीण महिलाओं को लखपति बनाया जाना है। 5000 किमी रेल पटरियां बिछायी जा रही हैं। पिछले 10 वर्षों में देश में रेल, हवाई सेवा, सड़क निर्माण कार्यों का विस्तार हुआ है। यूसीसी लाया जायेगा। दिव्यांग जनों को पीएम आवास में प्राथमिकता मिलेगी। वन नेशन, वन इलेक्शन प्लान भी महत्वपूर्ण है। मुद्रा लोन 10 लाख से बढ़ाकर 20 लाख रुपये किया जा रहा है।
मोदी की गारंटी पर लोगों को भरोसा
बाबूलाल मरांडी ने दावा करते कहा कि मोदीजी की गारंटी पर लोगों को भरोसा है। पिछले 10 सालों में चार करोड़ मकान बना कर लोगों को दिया गया।ा इसी तरह आगे तीन करोड़ दिये जायेंगे। कांग्रेस देश से गरीबी को मिटाने की बात करती रही, मोदीजी ने अबतक देश के 25 करोड़ लोगों को गरीबी रेखा से ऊपर लाया है। इससे कांग्रेस के नेताओं में डर भी है।
झामुमो ने हार मान ली है
सांसद गीता कोड़ा पर अटैक मामले के सवाल पर कहा कि यह झामुमो नेताओं की हताशा है। उन्होंने हार मान ली है। इसलिए हमारे प्रत्याशियों को जगह-जगह रोक रहे हैं। झारखंड की जनता इन्हें समझ चुकी है, इसलिए वे अब हताशा में ऐसा कर रहे हैं। वहां का वीडियो देखने से पता लग जायेगा कि झामुमो वाले इस मामले में कितना झूठ बोल रहे हैं।