पटना। केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने भाजपा के घोषणा पत्र सह संकल्प पत्र को विकसित भारत का संकल्प पत्र बताया है। गिरिराज सिंह ने रविवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गरीबों को ध्यान में रखकर यह संकल्प पत्र जारी किया है। भाजपा के इस संकल्प पत्र को युवा शक्ति, नारी शक्ति, गरीब और किसान को ध्यान में रख कर बनाया गया है।
उन्होंने कहा कि देश में वन नेशन वन इलेक्शन भी होगा और एक मतदाता सूची होगी। इसके साथ ही समान नागरिक संहिता (यूसीसी) भी लागू किया जाएगा। जब यह लागू होगा तो एक देश एक कानून होगा। 370 हटाने के बाद कई बाधाएं हैं उसको दूर किया जाएगा। अगले 5 वर्ष की योजना 10 साल की योजना है। 2047 में जब भारत की आजादी का सौ वर्ष होगा तो भारत विकसित भारत होगा। घोषणा पत्र में सारा पिटारा गरीबों के लिए खोल दिया है।
गिरिराज सिंह ने कहा कि जीविका दीदी के लिए भी काम किया जा रहा है। 2029 में महिलाओं का 33 प्रतिशत आरक्षण सुनिश्चित किया जाएगा। किसानों के लिए जो पैसा दिया जा रहा है, वह जारी रहेगा। गांव से लेकर शहर तक के लोगों को सुविधा के लिए हर काम किया जाएगा। वन नेशन वन इलेक्शन अब लागू होगा। वन इलेक्शन एक मतदाता सूची होगी। सभी क्षेत्र के लिए अलग-अलग मतदाता सूची बनती थी। अब वह एक सूची बनेगी।