आजाद सिपाही संवाददाता
रांची। भाजपा सांसद और गोड्डा लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी डॉ निशिकांत दुबे ने कहा है कि उनके खिलाफ मेडिकल कॉलेज हड़पने से संबंधित धोखाधड़ी का केस करनेवाला शिवदत्त शर्मा उर्फ शंभू शर्मा वास्तव में सीबीआइ का भगोड़ा है। अपने फेसबुक पेज पर डॉ दुबे ने शंभू शर्मा की अग्रिम जमानत याचिका खारिज करने के अदालती आदेश की प्रति के साथ लिखा है: सीबीआइ के भगोड़े, बैंक के पैसे का गबन करने के अपराधी शंभु शर्मा का यही सच है कांग्रेस वालों। किसी शरीफ आदमी से मेरे उपर केस कराते। झारखंड पुलिस को यह जबाब देना चाहिए कि एसपी देवघर के पास भगोड़ा कैसे पहुंचा। सांसद ने चुनाव आयोग से शिकायत की है कि चंपाई सोरेन की सरकार आचार संहिता का घोर उल्लंघन कर रही है। बकौल डॉ दुबे, जांच तो होगी। यह आदेश जनवरी 2024 का है।

क्या है मामला
शंभू शर्मा के खिलाफ बैंक से संबंधित एक मामला धनबाद स्थित सीबीआइ के विशेष न्यायाधीश अदालत में लंबित है। इसका केस नंबर आरसी 01 (एस)/2011 है। इस मामले में शंभू शर्मा ने अग्रिम जमानत याचिका दाखिल की थी। याचिका पर सुनवाई सीबीआइ के विशेष न्यायाधीश रजनीकांत पाठक ने की। उन्होंने इसी साल 10 जनवरी को इस याचिका को खारिज कर दिया था। इसके बाद से सीबीआइ शंभू शर्मा की गिरफ्तारी की कोशिश कर रही है।

 

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version