-बीजापुर में प्रधानमंत्री पर बरसे कांग्रेस सांसद
आजाद सिपाही संवाददाता
बेंगलुरु। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कहा कि आजकल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने भाषण के दौरान काफी घबराये हुए रहते हैं। शायद कुछ दिनों में स्टेज पर उनके आंसू निकल आयें। राहुल कर्नाटक के बीजापुर में चुनावी रैली को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ने पिछले 10 साल में गरीबों से सिर्फ पैसा छीना है। उन्होंने सिर्फ 20-25 लोगों को अरबपति बनाया है। उन अरबपतियों के पास उतना धन है, जितना 70 करोड़ हिंदुस्तानियों के पास है। हिंदुस्तान में 1 फीसदी ऐसे लोग हैं, जो 40 फीसदी धन कंट्रोल करते हैं।
राहुल ने कहा कि मोदी कुछ लोगों को अरबपति बनाते हैं। कांग्रेस सरकार करोड़ों लोगों को लखपति बनायेगी। कांग्रेस बेरोजगारी और महंगाई मिटा कर आपको भागीदारी देगी। जितना पैसा मोदी ने अरबपतियों को दिया है, उतना पैसा हम गरीबों को देंगे। उन्होंने कहा कि यह लोकसभा चुनाव कोई सामान्य चुनाव नहीं है। यह पिछले चुनावों से अलग है, क्योंकि भारत के इतिहास में पहली बार एक पार्टी (भाजपा) और एक व्यक्ति (भाजपा) भारत के संविधान और लोकतंत्र को खत्म करने की कोशिश कर रहे हैं। दूसरी तरफ, कांग्रेस और आइएनडीआइए गठबंधन संविधान को बचाने की कोशिश कर रहे हैं। राहुल ने कहा कि भारत के संविधान ने लोगों को अधिकार, आवाज और आरक्षण दिया है। संविधान से पहले भारत पर राजा-महाराजाओं का शासन था। अगर आज भारत के गरीबों, पिछड़ों, दलितों और आदिवासियों के पास अधिकार हैं, आवाज है, तो ये संविधान ने दी है।
Previous ArticleRCB ने सीजन के 41वें मुकाबले में SRH को 35 रन से हराया।
Next Article केवल जुमलेबाजी कर रहे हैं पीएम : चंपाई