चतरा। यह लोकसभा चुनाव भारत के रहनेवाले सभी समुदाय के लोगों के लिए लोकतंत्र की रक्षा करने एवं संविधान को बचाने के लिए है । हमारे पूर्वजों ने बलिदान देकर देश को आजादी दिलायी है। भाजपा की केंद्र सरकार संविधान को बदलना चाह रही है और आरक्षण समाप्त करना चाहती है। ये बातें झारखंड के मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन ने स्थानीय जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम के समीप कांग्रेस प्रत्याशी केएन त्रिपाठी के नामांकन समारोह के मौके पर एक महती जनसभा को संबोधित करते हुए कहीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा की केंद्र सरकार ने 10 साल तक सत्ता में रहने के बावजूद कोई काम नहीं किया, बल्कि 10 साल तक केवल झूठ बोला और ठगने का काम किया। भाजपा 400 पार का नारा देकर गरीब, दलित, हरिजन एवं आदिवासियों को दिये जाने वाले आरक्षण को समाप्त करने का प्रयास कर रही है। चंपाई सोरेन ने कहा कि पिछले राज्य और केंद्र में डबल इंजन की सरकार ने झारखंड में 11 लाख राशन कार्ड बंद कर दिया, जिसे झारखंड में हेमंत की सरकार आते के साथ 20 लाख लोगों को राशन कार्ड मुहैया कराया गया। दलित, मजदूर, आदिवासी, हरिजन को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने के लिए प्रत्येक प्रखंड में स्मार्ट क्लास के साथ विद्यालय खोले जा रहे हैं। उन्होंने भाजपा को आड़े हाथ लेते हुए कहा कि विश्व गुरु बनने वाले सभी क्षेत्र में निजीकरण कर रहे हैं। मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि झारखंड में महागठबंधन की सरकार के साढ़े 4 वर्षों में दो साल कोरोना काल में चला गया, शेष ढाई साल में विकास के सारे काम किये गये हैं। उन्होंने कहा कि सालों भर किसानों को खेत में पानी देने के लिए सिंचाई की समुचित व्यवस्था की जा रही है। सभी परिवार के बुजुर्गों को वृद्धा पेंशन दी जा रही है। भाजपा सरकार में गरीब, दलित, आदिवासी, हरिजन के बच्चे शिक्षा ग्रहण नहीं कर सकें, इसके लिए भाजपा की सरकार ने झारखंड में 5000 से अधिक विद्यालयों को बंद कर दिया था, लेकिन गठबंधन की सरकार बनते ही प्रत्येक प्रखंड में मॉडल विद्यालय खोले जा रहे हैं। झारखंड में महागठबंधन में शामिल सभी दल एकजुट होकर चुनाव लड़ रहे हैं, यही कारण है कि झारखंड की सभी 14 सीटों पर महागठबंधन के प्रत्याशी विजयी होकर लोकसभा में जायेंगे। मुख्यमंत्री ने जनसभा में उपस्थित लोगों से महागठबंधन के कांग्रेस प्रत्याशी के एन त्रिपाठी को अपना बहुमूल्य मत देकर भारी मतों से विजयी बनाने की अपील की। इस मौके पर कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर, झारखंड सरकार के मंत्री रामेश्वर उरांव, मंत्री आलमगीर आलम तथा श्रम मंत्री सत्यानंद भोक्ता के अलावे लातेहार विधायक बैजनाथ राम, बड़कागांव की कांग्रेस विधायक अंबा प्रसाद एवं चतरा लोकसभा प्रत्याशी केएन त्रिपाठी ने भी सभा को संबोधित किया। इस मौके पर चतरा, लातेहार एवं पलामू जिला के कांग्रेस, झामुमो एवं राजद के सभी जिला अध्यक्ष, महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष अनीता देवी समेत कांग्रेस, राजद, झामुमो समेत महागठबंधन के सभी समर्थित पार्टी के नेता और काफी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version