इंफाल। मणिपुर में सुरक्षा बलों और पुलिस ने इंफाल ईस्ट और इंफाल वेस्ट जिलों में अलग-अलग अभियानों में 12 उग्रवादियों को गिरफ्तार किया है। संयुक्त राष्ट्रीय मुक्ति मोर्चा (पाम्बेई धड़ा) के चार कैडर और एक सहयोगी वांगखई थांगपट मापन से पकड़े गए हैं।

पुलिस मुख्यालय के बयान के अनुसार गिरफ्तार आरोपितों की पहचान वांगमयुम अजीजुर रहमना (52), शेख वसीम राजा (30), मो. फारुक खान (19), फुशम अजमीर (24) और खुल्लकपम इबोसाना (44) के रूप में हुई है। ये सभी जबरन वसूली और स्थानीय लोगों को डराने-धमकाने में शामिल थे। आरोपितों के पास से जिंदा कारतूस, मोबाइल फोन और एक चार पहिया वाहन बरामद किया गया। इबोसाना, उग्रवादियों और आम नागरिकों के बीच दलाल की भूमिका निभाता था।

एक अन्य अभियान में प्रीपाक (प्रो) कैडर तखेल्लंबम मइपकसाना सिंह (29) को इंफाल सिटी सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट गेट के पास से गिरफ्तार किया गया। उसके पास से दो मोबाइल फोन और एक आधार कार्ड बरामद हुआ। वह बामोन लेकाई स्थित एक गैस एजेंसी को बंद कराने की घटना में भी शामिल था। पूछताछ में उसने प्रीपाक (प्रो) के कमांडर के आदेश पर काम करना स्वीकार किया।

इसी तरह, कांगलीपाक कम्युनिस्ट पार्टी (पीडब्ल्यूजी) के छह उग्रवादियों को इंफाल ईस्ट के अलग-अलग इलाकों से पकड़ा गया। इनकी पहचान मो. मानेरुद्दीन (48), मो. वाजबीर अहमद (33), थोंगम जयनंदा सिंह (51), लैश्रम सूरज सिंह (28), निंगथौजम बीरजीत मैतेई (36) और क्षेत्रिमयुम राजेन सिंह (38) के रूप में हुई। सुरक्षा बलों ने बताया कि यह कार्रवाई उग्रवादी नेटवर्क को खत्म करने की व्यापक रणनीति का हिस्सा है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version