सरकारी कर्मियों की तर्ज पर संविदा कर्मियों को भी बैंक में खाता खोलने पर मिले बीमा का लाभ
रांची। झारखंड राज्य आंगनबाड़ी सेविका- सहायिका संघ झारखण्ड के केंद्रीय समिति की बैठक माला देवी प्रदेश अध्यक्ष की अध्यक्षता में रांची में संपन्न हुई जिसमें संघ के प्रधान संरक्षक सुशील कुमार पाण्डेय केंद्रीय पर्यवेक्षक के रूप में मौजूद रहे। राखी देवी प्रदेश महासचिव ने विस्तार से सांगठनिक प्रस्तावों को बैठक में रखी। सुशील कुमार पाण्डेय प्रधान संरक्षक ने कहा कि सरकार किसी भी पार्टी की रहे कामगारों को अपनी मांगों की पूर्ति हेतु संघर्ष जारी रखना होगा। आज की बैठक में संघ के विगत आंदोलन की समीक्षा कर संघ की लंबित मांगों की पूर्ति हेतु भावी आंदोलन की रूप रेखा तय की गई।
राज्य कमिटी ने वर्तमान में राज्य कर्मियों के हित में स्टेट बैंक में वेतन खाता धारी राज्य कर्मियों को देय बीमा एवं अन्य सुविधाओं के लिए सरकार के कदम को सराहा तथा मांग किया कि इस योजना में राज्य के आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों सहित सभी संविदा/अनुबंध कर्मचारियों को भी शामिल करने हेतु स्पष्ट संशोधित संकल्प जारी हो। महेश सोरेन सदस्य केंद्रीय समिति ने झारखण्ड सरकारसे अनुरोध किया कि राज्य सरकार अपनी सुविधा उपलब्ध कराने सरकारी गैर सरकारी अनुबंध संविदा और अस्थाई कर्मियों में भेद भाव नहीं करे।
वर्तमान में पंचायत मुख्यालय से राज्य सचिवालय तक का सारा काम काज आज अनुबंध कर्मचारियों द्वारा संभाला जा रहा है। फिर इन संविदा कर्मियों को सम्मान, सुरक्षा सरंक्षण बीमा क्यों नहीं दिया जा रहा। आज की बैठक में प्रदेश महासचिव राखी देवी, प्रदेश कोषाध्यक्ष सीता तिग्गा, केंद्रीय समिति सदस्य महेश सोरेन, प्रमिला यादव, कमलावती देवी, सुमन कुमारी, चन्दन कुमारी, सोमा महतो, शनि शिरका पुष्पा महतो, रीता शर्मा, रूबी कुमारी गढ़वा सहित दर्जनों लोग मौजूद थे।