रांची। गांडेय विधायक कल्पना मुर्मू सोरेन जेएमएम की कार्यकारी अध्यक्ष बनेंगी। सोमवार को मोर्चा के महाधिवेशन में सूत्रों के हवाले से ये खबर आयी है। कहा गया है कि मंगलवार को इसकी विधिवत घोषणा की जायेगी। गौरतलब है कि सोमवार को दिशोम गुरु शिबू सोरेन व्हिल चेयर पर बैठकर झामुमो के 13वें महाधिवेशन में पहुंचे। इस मूमेंट की तस्वीर भी सामने आयी है। जिसमें देखा जा सकता है कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन अपने पिता शिबू सोरेन के पीछे खड़े हैं। हेमंत सोरेन व्हिल चेयर को पकड़े हुए दिखायी पड़ रहे हैं। मौके पर शिबू सोरेन की पत्नी रूपी सोरेन भी उनके साथ नजर आ रही हैं। वह भी व्हिल चेयर पर बैठकर ही इस महाधिवेशन में पहुंची हैं।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सोशल मीडिया पर तस्वीर साझा कर लिखा है कि झारखंड ही नहीं, पूरे देश-दुनिया के लोग आदरणीय दिशोम गुरुजी को आदर-सम्मान की नजरों से देखते हैं। आदरणीय दिशोम गुरुजी जी के नेतृत्व और असंख्य क्रांतिकारियों के संघर्ष और बलिदान के बाद हमें झारखंड अलग राज्य मिला। आदरणीय दिशोम गुरुजी ने झारखंड मुक्ति मोर्चा का जो विशाल पेड़ लगाया है, और जिस पेड़ की जड़ें झारखंड के घर-घर में फैली हुई हैं, उसे सींचने का काम हमें करना है। हमारे अगुआ नेताओं के संघर्ष को सम्मान देने का काम हमें करना है।