नई दिल्ली। आज विश्व स्वास्थ्य दिवस है। इस अवसर पर केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने लोगों को बधाई दी है। सोमवार को नड्डा ने एक्स पर अपने संदेश में कहा कि यह दिन हमें अपने स्वास्थ्य को प्राथमिकता देने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की याद दिलाता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में केन्द्र सरकार ने सभी को सुलभ, सस्ती और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवा देने के लिए कई पहल शुरू की हैं।

उन्होंने कहा कि प्राचीन प्रथाओं और आधुनिक चिकित्सा दोनों के माध्यम से स्वास्थ्य के बारे में भारत की गहरी समझ दुनिया के लिए स्वास्थ्य सेवा समाधानों को तैयार करने में सहायक रही है। हमें हमारी स्वास्थ्य सेवा प्रणाली की रीढ़ डॉक्टरों, नर्सों और अग्रिम पंक्ति के स्वास्थ्य कर्मियों के प्रति धन्यवाद व्यक्त करना चाहिए।

क्यों मनाया जाता है विश्व स्वास्थ्य दिवस
हर साल 7 अप्रैल को पूरी दुनिया में विश्व स्वास्थ्य दिवस मनाया जाता है। यह दिन स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता फैलाने और स्वास्थ्य सेवाओं की अहमियत समझाने को समर्पित है। आज के दौर में हमारी जीवनशैली बीमारियों और मानसिक तनाव को तेजी से बढ़ा रही है। ऐसे में विश्व स्वास्थ्य दिवस का महत्व और भी जायदा हो गया है। इसका मुख्य उद्देश्य लोगों को जागरूक करना है। वैश्विक स्तर पर यह दिन स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याओं पर सरकारों और संगठनों का ध्यान आकर्षित करने का माध्यम बनता है।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version