छात्रा गोड्डा की, युवक कहलगांव का रहने वाला
भागलपुर/गोड्डा। भागलपुर में प्रेमी-प्रेमिका ने फंदे से लटक कर अपनी जान दे दी। प्रेमी रोशन भारती (23) और साक्षी कुमारी (21) का शव होटल के सर्वेंट क्वार्टर से पुलिस ने बरामद किया है। मौके से पुलिस को सुसाइड नोट भी मिला है। जिसमें लिखा गया है, ‘साथ जी नहीं पाये तो साथ मर रहे हैं।’ पुलिस आगे की कार्रवाई में जुट गयी है। रोशन कहलगांव का रहने वाला था। वहीं साक्षी झारखंड के गोड्डा जिले की रहने वाली थी। रोशन भागलपुर में रहकर एमएस होटल में काम करता था। जबकि साक्षी पढ़ाई करती थी। दोनों के बीच पिछले 5 साल से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। दोनों शादी करना चाहते थे, लेकिन परिवार वालों की सहमति नहीं थी।
दोनों का शव कमरे में फंदे से लटकता मिला
रोशन जब होटल में काम करने के लिए नहीं पहुंचा, तो मालिक उसे ढूंढने लगा। दूसरे स्टाफ को बुलाने के लिए भेजा तो रोशन का कमरा लॉक था। इसके बाद काफी आवाज दिया, लेकिन किसी ने दरवाजा नहीं खोला। घटना की जानकारी होटल प्रबंधन ने तातारपुर पुलिस को दी। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस के सामने होटल का दरवाजा खोला गया, तो साक्षी और रोशन का शव कमरे में फंदे से लटकता हुआ मिला।
एमएस होटल के मैनेजर अजमल ने बताया, रोशन भारती पिछले 5 साल से कैटरिंग का काम करता था। वह सराय स्थित सर्वेंट लॉज में रहता था। उसके साथ कैप्टन राजेश और स्वीपर पप्पू भी रहते थे। रोशन के साथ काम करने वाले राजेश 2 दिन पहले अपने घर जा चुके थे। तीसरे तल्ले पर तीन रूम हैं, जिसमें एक रूम में रोशन भारती और राजेश एक साथ रहते थे। दूसरे मकान में स्वीपर पप्पू रहता था। हम लोगों को तब शक हुआ जब उसका फोन स्विच आॅफ बताने लगा। रिसेप्शन पर बैठे सोनू को घटनास्थल पर भेजा गया, तब घटना की जानकारी मिली। 1 अप्रैल को शाम 4 बजे रोशन भारती से बात हुई थी।