रांची। झारखंड में नक्सलियों के खिलाफ सुरक्षा बलों ने अभियान तेज कर दिया है। हाल के दिनों में नक्सलियों ने चाईबासा जिले में लगातार अपनी उपस्थिति दर्ज कर रहा था। इस बीच झारखंड पुलिस और सुरक्षा बलों ने नक्सलियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की है। दो दिन पहले बोकारो जिले के गोमिया इलाके में सुरक्षा बलों ने एक करोड़ की इनामी नक्सली समेत 8 नक्सलियों को एनकाउंटर में ढेर कर दिया। इसके अलावा सुरक्षा बलों ने महिला समेत दो नक्सलियों को गिरफ्तार किया है। झारखंड से नक्सली को खात्मे करने के लिए डीजीपी अनुराग गुप्ता लगातार आला अधिकारियों के साथ मीटिंग कर रहे हैं। झारखंड में अब मात्र तीन ऐसे नक्सली बच गए हैं जिनके सिर पर एक-एक करोड़ रुपए का इनाम घोषित है।
झारखंड में अब मात्र तीन नक्सली बच गए हैं, जिनके सिर पर एक करोड़ का इनाम घोषित है। उनमें पहला नाम भाकपा माओवादियों के ईआरबी सचिव मिसिर बेसरा का है। दूसरा सेंट्रल कमेटी मेंबर पतिराम मांझी और तीसरा आकाश मंडल उर्फ अनमोल है। तीनों के सिर पर एक-एक करोड़ का इनाम घोषित है और सबसे खास बात यह है कि के तीनों ही कोल्हान में एक्टिव हैं, लेकिन तीनों सुरक्षा बलों के निशाने पर हैं।
पूर्व में पांच नक्सलियों के ऊपर एक-एक करोड़ रुपए का इनाम घोषित था, लेकिन एक के गिरफ्तार होने और एक के एनकाउंटर में मारे जाने के बाद अब मात्र 3 नक्सली ही झारखंड में बचे जिन पर करोड़ रुपए का इनाम है।
गौरतलब है कि सोमवार को झारखंड में भाकपा माओवादियों के सेंट्रल कमेटी सदस्य प्रयाग मांझी उर्फ विवेक समेत पूरे दस्ते के सफाए से उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल में एक ही झटके में माओवादी संगठन का खात्मा हो गया। विवेक झारखंड पुलिस के द्वारा मार गिराया गया पहला एक करोड़ का इनामी था। इससे पहले झारखंड पुलिस ने एक करोड़ के इनामी नक्सली को गिरफ्तार करने में ही कामयाबी पाई थी।