बोगोटा: कोलंबिया में राष्ट्रपति चुनाव से ठीक पहले एक बड़े आतंकी हमले ने देश को हिलाकर रख दिया है। देश के दक्षिण-पश्चिमी काउका क्षेत्र के पैन-अमेरिकन हाईवे पर शनिवार को हुए बम विस्फोट में कम से कम 19 लोगों की जान चली गई, जबकि 38 से अधिक लोग घायल हो गए। मृतकों में पांच मासूम बच्चे भी शामिल हैं। यह धमाका 31 मई को होने वाले राष्ट्रपति चुनाव से ठीक पहले हुआ है।
काउका के गवर्नर ऑक्टेवियो गुजमैन ने बताया कि यह हमला आम नागरिकों को निशाना बनाकर किया गया। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में सड़क के बीच गहरा गड्ढा, बिखरे शव और क्षतिग्रस्त वाहन देखे जा सकते हैं। सेना के जनरल कमांडर ने इसे “हमलों की खतरनाक लहर” करार दिया है। राष्ट्रपति गुस्तावो पेट्रो ने इस हमले के लिए फार्क के विद्रोही गुट और उसके सरगना इवान मोरडिस्को को जिम्मेदार ठहराया है। रक्षामंत्री पेड्रो सांचेज मौके पर पहुंच गए हैं और सुरक्षा परिषद का गठन किया जा रहा है।



