रांची। झारखंड लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित झारखंड पात्रता परीक्षा के दौरान रविवार को भारी अव्यवस्था देखने को मिली। रांची के जिला स्कूल और बोकारो के सरदार पटेल पब्लिक स्कूल सेक्टर-9 में प्रश्न पत्रों को लेकर हुए हंगामे के बाद, आयोग ने इन दोनों केंद्रों की परीक्षा को तत्काल प्रभाव से रद्द कर दिया है।
क्यों रद्द हुई परीक्षा?
आयोग द्वारा जारी आधिकारिक सूचना के अनुसार, इन केंद्रों पर परीक्षा रद्द करने के दो मुख्य कारण रहे:
पहला : बोकारो के केंद्र पर प्रश्न पत्रों के पैकेट अधूरे मिले।
दूसरा : कुछ प्रश्न पत्र पढ़ने योग्य नहीं थे।
वहीं बोकारो में दोपहर 12:30 बजे अभ्यर्थियों को बताया गया कि उनके विषय का प्रश्न पत्र गलती से धनबाद भेज दिया गया है।
आयोग ने स्पष्ट किया है कि फिलहाल निम्नलिखित विषयों की परीक्षा रद्द की गई है:
बोकारो सेंटर में शिक्षा विषय (Subject Code: 009) और वहीं रांची सेंटर में उड़िया विषय (Subject Code: 023)
अभ्यर्थियों का फूटा गुस्सा: 18 साल का इंतजार और अव्यवस्था
इस परीक्षा का आयोजन करीब 18 वर्षों के लंबे अंतराल के बाद किया गया था। बिहार, ओडिशा और पश्चिम बंगाल जैसे पड़ोसी राज्यों से आए अभ्यर्थियों ने प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए।
अभ्यर्थियों का कहना था कि उन्होंने भारी भरकम किराया देकर और तत्काल टिकट लेकर परिक्षा देने आये थे। सुबह 8 बजे से बैठाकर रखा गया और अंत में कह दिया गया कि पेपर दूसरे शहर चला गया है। यह हमारे भविष्य के साथ खिलवाड़ है।
झारखंड लोक सेवा आयोग ने परीक्षार्थियों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है। उन्होंने कहा कि रद्द की गयी परीक्षाओं का आयोजन दोबारा किया जाएगा। परीक्षा की नई तारीख, समय और केंद्र की जानकारी जल्द ही आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर साझा की जाएगी।
अब यहां गौर करने वाली बात यह है कि सीसीटीवी निगरानी और कड़ी सुरक्षा के दावों के बीच, प्रश्न पत्र का गलत शहर पहुंच जाना और पैकेट का अधूरा मिलना परीक्षा प्रणाली की शुचिता और तैयारियों पर गंभीर सवाल खड़े करता है। अब अभ्यर्थियों को आयोग के अगले नोटिस का इंतजार है।



