नई दिल्ली/पटना। बिहार की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। नीतीश कुमार के इस्तीफे के बाद राज्य में नई सरकार के गठन की प्रक्रिया तेज हो गई है। यह लगभग तय माना जा रहा है कि इस बार बिहार का मुख्यमंत्री भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) से ही होगा। इसी कड़ी में बीजेपी ने विधायक दल के नेता के चुनाव के लिए महत्वपूर्ण कदम उठाया है।
पार्टी ने केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान को बिहार में विधायक दल की बैठक के लिए केंद्रीय पर्यवेक्षक नियुक्त किया है। बीजेपी संसदीय बोर्ड द्वारा जारी पत्र में यह जानकारी दी गई, जिससे साफ संकेत मिलते हैं कि पार्टी नेतृत्व जल्द ही मुख्यमंत्री के नाम पर अंतिम मुहर लगा सकता है।
वहीं बिहार सरकार के मंत्री विजय कुमार चौधरी ने भी स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री के नाम की अनुशंसा बीजेपी द्वारा की जाएगी। इसके बाद एनडीए विधायकों की बैठक होगी, जिसमें विधायक दल अपना नेता चुनेगा।
राजनीतिक जानकारों के अनुसार, इस सप्ताह के भीतर ही बिहार को नया मुख्यमंत्री मिल सकता है। फिलहाल सभी की नजरें बीजेपी के फैसले पर टिकी हैं, जो राज्य की राजनीति की दिशा तय करेगा।



