नई दिल्ली। पश्चिम एशिया में जारी संकट के कारण दुनियाभर में क्रूड ऑयल की कीमतों में उछाल के बीच सार्वजनिक क्षेत्र की तेल एवं गैस विपणन कंपनियों ने कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर के दाम में बुधवार को 195.50 रुपये की बढ़ोतरी की गई है। हालांकि, घरेलू रसोई गैस की कीमत में कोई बदलाव नहीं किया गया है। नई दरें बुधवार से लागू हो गई है।

इंडियन ऑयल के वेबसाइट के मुताबिक, कमर्शियल एलपीजी के दाम में 195.50 रुपये की बढ़ोतरी के बाद राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में 19 किलोग्राम के वाणिज्यिक एलपीजी सिलेंडर की कीमत 2,078.50 रुपये हो गई है। इससे पहले 1 मार्च को 19 किलोग्राम के वाणिज्यिक सिलेंडर की कीमत में 114.5 रुपये की बढ़ोतरी की गई थी।

सरकारी तेल कंपनियों के अनुसार घरेलू रसोई गैस यानी एलपीजी की दरों में कोई बदलाव नहीं किया गया है। दिल्ली में 14.2 किलोग्राम के घरेलू सिलेंडर की कीमत अभी 913 रुपये है। इससे पहले, सात मार्च को 14.2 किलोग्राम के घरलू एलपीजी के सिलेंडर की कीमत 60 रुपये बढ़ाई गई थी।

उल्लेखनीय है कि सरकारी स्वामित्व वाली इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम अंतरराष्ट्रीय मानकों और विनिमय दर के आधार पर हर महीने की पहली तारीख को एटीएफ और एलपीजी की कीमतों की समीक्षा करती हैं। पिछले साल मार्च में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में 2 रुपये प्रति लीटर की कमी के बाद से इसकी कीमतें स्थिर बनी हुई हैं। दिल्ली में फिलहाल पेट्रोल की कीमत 94.72 रुपये प्रति लीटर और डीजल की कीमत 87.62 रुपये प्रति लीटर है।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version