पटना। बिहार प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया तथा असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा का पुतला दहन किया। इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे देश के एक वरिष्ठ, सम्मानित और लोकप्रिय दलित नेता हैं। उन्होंने अपने लंबे सार्वजनिक जीवन में सामाजिक न्याय, लोकतांत्रिक मूल्यों और वंचित वर्गों के अधिकारों के लिए निरंतर संघर्ष किया है। ऐसे वरिष्ठ नेता के विरुद्ध असम के मुख्यमंत्री द्वारा इस्तेमाल की गई भाषा दुर्भाग्यपूर्ण, निंदनीय और लोकतांत्रिक मर्यादाओं के विरुद्ध है।

उन्होंने कहा कि खड़गे साहब का अपमान केवल एक व्यक्ति का अपमान नहीं है, बल्कि देश के अनुसूचित जाति-जनजाति समाज के करोड़ों लोगों की भावनाओं को ठेस पहुँचाने जैसा है। कांग्रेस पार्टी इस तरह की मानसिकता और भाषा की कड़ी निंदा करती है तथा मांग करती है कि असम के मुख्यमंत्री तत्काल सार्वजनिक रूप से माफी मांगें।

राजेश राम ने कहा कि कांग्रेस पार्टी देश में सामाजिक सौहार्द, सम्मानजनक राजनीतिक संवाद और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए सदैव प्रतिबद्ध रही है। यदि इस तरह की बयानबाजी बंद नहीं हुई तो कांग्रेस पार्टी जनहित और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए सड़क से सदन तक संघर्ष करेगी। विरोध प्रदर्शन एवं पुतला दहन कार्यक्रम में कांग्रेस विधायक दल के पूर्व नेता डा. शकील अहमद खान, अखिल भारतीय कांग्रेस कमिटी के सचिव पूनम पासवान, मीडिया चेयरमैन राजेश राठौड़, पूर्व विधायक विजेन्द्र चौधरी सहित सैकड़ों की संख्या में कांग्रेसजन मौजूद थे।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version