देवघर। मोहनपुर थाना क्षेत्र के जयपुर मोड़ पर 23 अप्रैल की रात हुई लूट और गोलीकांड मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस घटना में शामिल चार अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि एक आरोपित की इलाज के दौरान मौत हो गयी। एक अन्य आरोपित अभी भी फरार है, जिसकी तलाश जारी है। जानकारी के अनुसार, अपराधियों ने एक मालवाहक मैजिक वाहन को रोक कर चालक के साथ मारपीट की और पिस्टल के बल पर करीब दो हजार रुपये नकद, मोबाइल फोन और वाहन लूट लिया था।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर के निर्देश पर एसडीपीओ के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गयी। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए विभिन्न स्थानों पर छापेमारी कर चार अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया और लूटा गया वाहन भी बरामद कर लिया। कार्रवाई के दौरान मुठभेड़ जैसी स्थिति में एक अपराधी को गोली लग गयी, जिसकी अस्पताल में मौत हो गयी। मृतक की पहचान राजन लाल (25) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार इस कांड में कुल छह अपराधी शामिल थे। गिरफ्तार आरोपितों में अकरम समानी (22), शहजाद शेख उर्फ गोलू (22), शिवम कुमार (24) और राहुल कुमार (25) शामिल हैं।

पुलिस ने इनके पास से एक देशी पिस्टल, मैगजीन, तीन जिंदा कारतूस, एक खोखा, लूटा गया मैजिक वाहन, बिना नंबर की आर 15 बाइक और फटा हुआ नंबर प्लेट बरामद किया है। इस संबंध में मोहनपुर थाना में मामला दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version