जामताड़ा। झारखंड लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित झारखंड संयुक्त असैनिक (सीधी भर्ती) प्रारंभिक प्रतियोगिता परीक्षा जिले के 12 परीक्षा केंद्रों पर शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं कदाचारमुक्त वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हुई। परीक्षा दो पालियों में आयोजित की गई, जिसमें कुल 3624 परीक्षार्थियों में प्रथम पाली में 2262 अभ्यर्थी उपस्थित रहे, जबकि 1362 अनुपस्थित रहे। वहीं द्वितीय पाली में 2261 परीक्षार्थी शामिल हुए और 1363 अनुपस्थित रहे।

परीक्षा की पारदर्शिता और शुचिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आलोक कुमार (भा.प्र.से.) ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने परियोजना निदेशक आईटीडीए जुगनू मिंज के साथ जीबीसी सीएम उत्कृष्ट विद्यालय, जामताड़ा इंटर महाविद्यालय तथा एडवर्ड इंग्लिश स्कूल सहित कई केंद्रों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सीसीटीवी निगरानी, बायोमैट्रिक उपस्थिति प्रणाली और सुरक्षा प्रबंधों की समीक्षा की।

उपायुक्त ने केंद्राधीक्षकों, स्टैटिक दंडाधिकारियों एवं अन्य कर्मियों को निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि परीक्षा की शुचिता बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

परीक्षा के दौरान समाहरणालय स्थित जिला नियंत्रण कक्ष पूरी तरह सक्रिय रहा और सभी केंद्रों से निरंतर संपर्क बनाए रखा गया। उपायुक्त ने सभी केंद्रों की व्यवस्था पर संतोष व्यक्त करते हुए शांतिपूर्ण संचालन के लिए अधिकारियों एवं कर्मियों की सराहना की।
इस अवसर पर अपर समाहर्ता पूनम कच्छप, जिला शिक्षा पदाधिकारी चार्ल्स हेंब्रम सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी भी मौजूद रहे।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version