रांची। झारखंड सरकार में कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने आज मांडर विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत लापुंग प्रखंड के दूरस्थ क्षेत्रों में स्थित सरकारी विद्यालयों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालयों की आधारभूत संरचना, शिक्षण व्यवस्था और उपलब्ध सुविधाओं की गहन समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान जहां कई स्कूलों में टूटा-फूटा फर्नीचर, जर्जर खिड़कियां और दरवाजे देखने को मिले, वहीं स्वच्छता की स्थिति भी संतोषजनक नहीं थी। इस पर मंत्री तिर्की ने गहरी नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल मरम्मत कार्य पूरा करने के सख्त निर्देश दिए।
मंत्री तिर्की ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि शिक्षा न केवल उनकी व्यक्तिगत प्राथमिकता है, बल्कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में झारखंड सरकार की भी शीर्ष प्राथमिकताओं में शामिल है। सरकार प्रदेश में शिक्षा की गुणवत्ता में व्यापक और ठोस सुधार के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है, ताकि झारखंड देश के अग्रणी राज्यों में अपनी पहचान बना सके। उन्होंने कहा कि किसी भी निर्णय से पहले हमें केवल वर्तमान ही नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के उज्ज्वल भविष्य को भी ध्यान में रखना होगा।
निरीक्षण के क्रम में मंत्री तिर्की ने विद्यालय परिसरों में स्वच्छता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता की भी सघन जांच की और स्वयं भोजन का स्वाद लेकर उसकी गुणवत्ता सुनिश्चित की। उन्होंने भोजन तैयार करने वाले कर्मचारियों को स्वच्छता और पोषण संबंधी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। तिर्की ने स्पष्ट कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने के लिए विद्यालय प्रबंधन, शिक्षक-शिक्षिकाएं, अभिभावक और समाज के सभी वर्गों की सक्रिय भागीदारी अत्यंत आवश्यक है। नई पीढ़ी के छात्र-छात्राओं की शैक्षणिक स्थिति और अध्ययन की गुणवत्ता पर सभी को मिलकर निरंतर ध्यान देना होगा।
मंत्री ने विद्यालय प्रबंधन और शिक्षकों को निर्देश दिया कि किसी भी आवश्यकता या समस्या की स्थिति में वे तत्काल संबंधित अधिकारियों से संपर्क करें। उन्होंने आश्वासन दिया कि आवश्यकता पड़ने पर वे स्वयं भी सहयोग के लिए उपलब्ध रहेंगी। तिर्की ने कहा कि इस प्रकार के निरीक्षण भविष्य में भी नियमित रूप से जारी रहेंगे और दिए गए निर्देशों के अनुपालन से विद्यालयों की स्थिति में शीघ्र ही सकारात्मक सुधार देखने को मिलेगा।
Share.

Comments are closed.

Exit mobile version