काठमांडू। नेपाल में आज से नया शैक्षणिक सत्र आधिकारिक रूप से शुरू हो गया है। अब हर वर्ष स्कूल स्तर का शैक्षणिक सत्र नेपाली कैलेंडर के अनुसार बैशाख 15 (28 अप्रैल) से शुरू होगा। पहले यह सत्र बैशाख 2 से शुरू होता था। सरकार ने तिथि में यह बदलाव निजी स्कूलों द्वारा वार्षिक परीक्षा समाप्त होने से पहले प्रवेश प्रक्रिया शुरू करने की प्रवृत्ति को रोकने और ईंधन आपूर्ति जैसी लॉजिस्टिक समस्याओं को ध्यान में रखते हुए किया है।शिक्षा, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्रालय ने सभी निजी स्कूलों को सख्त निर्देश जारी करते हुए कहा है कि तय शुल्क के अलावा अवैध रूप से वसूली गई प्रवेश शुल्क और अन्य अतिरिक्त शुल्क तुरंत छात्रों को वापस किए जाएं। मंत्रालय ने स्थानीय सरकारों से नियमों के विरुद्ध लिए गए शुल्कों की वापसी सुनिश्चित करने के लिए कानूनी कार्रवाई शुरू करने को कहा है।
इस बीच नेपाल के उच्चतम न्यायालय ने भी महत्वपूर्ण अंतरिम आदेश जारी किया है। न्यायालय ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि वार्षिक परीक्षाएं समाप्त होने, परिणाम घोषित होने और अंकपत्र व अन्य आवश्यक शैक्षणिक प्रमाणपत्र जारी होने से पहले किसी भी स्कूल को प्रवेश सूचना प्रकाशित करने या प्रवेश प्रक्रिया शुरू करने की अनुमति नहीं होगी। न्यायमूर्ति बालकृष्ण ढकाल की एकल पीठ ने कहा कि शिक्षा नियमावली के अनुसार ही शैक्षणिक सत्र की आधिकारिक शुरुआत के बाद छात्रों का प्रवेश लिया जाए। अदालत ने सभी संबंधित पक्षों को 15 दिनों के अंदर लिखित जवाब दाखिल करने का भी आदेश दिया है।यह फैसला छात्रों और अभिभावकों के हित में लिया गया है, जिससे निजी स्कूलों की मनमानी पर अंकुश लगने की उम्मीद है।



