नई दिल्ली। घरेलू शेयर बाजार में आज शुरुआती कारोबार के दौरान निचले स्तर से मजबूत रिकवरी देखने को मिल रही है। बाजार आज कमजोरी के साथ खुला था, लेकिन कुछ ही मिनटों में खरीदारों ने लिवाली का जोरदार प्रदर्शन किया, जिससे सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांक जल्दी ही हरे निशान में पहुंच गए। शुरुआती उतार-चढ़ाव के बावजूद सुबह 10 बजे तक बाजार में खरीदारों का दबदबा बना रहा।सुबह 10 बजे तक के कारोबार में बीएसई सेंसेक्स 120.65 अंक यानी 0.16 प्रतिशत की बढ़त के साथ 77,424.28 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था। वहीं एनएसई निफ्टी 70.70 अंक यानी 0.29 प्रतिशत की मजबूती के साथ 24,163.40 अंक पर पहुंच गया था। आज कारोबार की शुरुआत सेंसेक्स 208.84 अंक की गिरावट के साथ 77,094.79 अंक पर हुई। बाजार खुलते ही खरीदारी का सिलसिला शुरू हो गया, जिससे सूचकांक तेजी से उछलकर 77,335.37 अंक तक पहुंच गया। इसके बाद कुछ समय तक मंदड़ियों और तेजड़ियों के बीच खींचतान जारी रही, लेकिन कुल मिलाकर खरीदार बाजार पर हावी नजर आए।
निफ्टी ने आज 42.80 अंक की कमजोरी के साथ 24,049.90 अंक से कारोबार शुरू किया। शुरुआती मिनटों में लिवाली का जोर बनने से निफ्टी भी हरे निशान में पहुंच गया। हालांकि बीच में बिकवाली का दबाव पड़ने से यह दोबारा लाल निशान में आया, लेकिन खरीदारों ने फिर से सपोर्ट दिया और निफ्टी 24,163.40 अंक तक पहुंच गया।टॉप गेनर्स की लिस्ट में सन फार्मास्युटिकल्स, जियो फाइनेंशियल सर्विसेज, रिलायंस इंडस्ट्रीज, विप्रो और टेक महिंद्रा के शेयर सबसे आगे रहे। इनमें 6.98 प्रतिशत से लेकर 2.77 प्रतिशत तक की मजबूत बढ़त दर्ज की गई। वहीं गिरावट वाले शेयरों में श्रीराम फाइनेंस, एक्सिस बैंक, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स, टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट्स और आईसीआईसीआई बैंक शामिल रहे, जो 3.62 प्रतिशत से 0.91 प्रतिशत तक टूटे।अभी तक के कारोबार में कुल 2,624 शेयर सक्रिय थे। इनमें से 1,637 शेयर हरे निशान में मुनाफा कमा रहे थे, जबकि 987 शेयर लाल निशान में थे।
सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 16 हरे और 14 लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। वहीं निफ्टी के 50 शेयरों में से 31 हरे निशान में और 19 लाल निशान में थे।कल सोमवार को शेयर बाजार अच्छी तेजी के साथ बंद हुआ था। सेंसेक्स 639.42 अंक यानी 0.83 प्रतिशत की मजबूती के साथ 77,303.63 अंक पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी 197.75 अंक यानी 0.81 प्रतिशत ऊपर चढ़कर 24,092.70 अंक पर बंद हुआ था।बाजार विश्लेषकों का कहना है कि आज की रिकवरी अच्छा संकेत है, लेकिन वैश्विक बाजारों से मिले-जुले संकेतों के कारण बाजार में उतार-चढ़ाव जारी रह सकता है।
निवेशकों की नजर अब महत्वपूर्ण कंपनियों के तिमाही नतीजों, रुपये की चाल और वैश्विक संकेतों पर बनी हुई है।निवेशकों को सलाह दी जा रही है कि वे शॉर्ट टर्म में सतर्क रहें और केवल मजबूत बुनियादी सिद्धांतों वाले शेयरों में ही निवेश करें। बाजार की अस्थिरता को देखते हुए उचित स्टॉप लॉस का इस्तेमाल करना फायदेमंद साबित हो सकता है।
Share.
Leave A Reply

Exit mobile version