रांची: राज्य सरकार द्वारा झारखंड माटी कला बोर्ड का गठन कर दिया गया है। मुख्यमंत्री रघुवर दास ने श्रीचंद प्रजापति (सरना टोली, लोहरदगा) को झारखंड माटी कला बोर्ड का अध्यक्ष नामित किया है। इसके अलावा बोर्ड में पांच सदस्य भी नामित किये गये हैं। इनमें राजेंद्र पंडित (पोड़ैयाहाट, गोड्डा), गंगाधर पंडित (सोनारी, पूर्वी सिंहभूम), नीरज प्रजापति (इरगु रोड, रांची), ईश्वर प्रजापति (लहरियाटांड़, बोकारो) एवं अविनाश देव (डालटनगंज) शामिल हैं। इस संबंध में उद्योग विभाग ने अधिसूचना जारी कर दी है।
मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि झारखंड सरकार राज्य में कुम्हारों एवं माटी शिल्पियों के सर्वांगीण विकास के लिए कृतसंकल्पित है। प्रदेश में एक बड़ी आबादी माटी शिल्पी परिवार से संबद्ध है। ये अपने पारंपरिक कार्य के जरिये जीवन-यापन हेतु देवी, देवताओं, गमला, मटका एवं हाथी-घोड़ा कुल्हड़, दीया तथा अन्य साज-सज्जा की कलात्मक वस्तुओं के उत्पादन पर निर्भर हैं। अत: राज्य सरकार द्वारा कुम्हारों की आर्थिक स्थिति को दृष्टि में रखते हुए उक्त कार्य करने वाले कारीगरों को सम्मान दिया गया है। उन्हें तकनीकी सुविधा, आर्थिक सहायता एवं कार्य के विकास तथा विपणन आदि सुविधाएं उपलब्ध कराने एवं समस्याओं के निराकरण के लिए झारखंड माटी कला बोर्ड का गठन किया है। उन्होंने कहा कि इस बोर्ड के गठन के बाद कुम्हारों की आर्थिक एवं सामाजिक स्थिति सबल होगी।
मोरहाबादी में 21 को योग दिवस, सीएम करेंगे उद्घाटन
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियों को लेकर सोमवार को एक बैठक नेपाल हाउस स्थित स्वास्थ्य विभाग में हुई। बैठक की अध्यक्षता अपर मुख्य सचिव सुधीर त्रिपाठी ने की। इसमें आगामी 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाने का निर्णय हुआ। त्रिपाठी ने बताया कि मुख्य समारोह मोरहाबादी मैदान में सुबह सात से आठ बजे तक होगा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मुख्यमंत्री रघुवर दास उपस्थित रहेंगे।
राज्य योग सेंटर में 20 को कार्यक्रम
बैठक में यह निर्णय भी लिया गया कि राज्य योग सेंटर में 20 जून को योग क्रार्यक्रम का आयोजन किया जायेगा। वहीं 17 से 19 जून तक मंत्री, विधायक, सांसद, आइएएस और अन्य पदाधिकारियों के लिए योग कार्यक्रम मोरहाबादी के आइएएस वेलफेयर एसोसिएशन में होगा। राज्य के सभी जिलों को पत्र के द्वारा सूचित किया गया है कि योग दिवस अवसर पर अपने जिलों में योग क्रार्यक्रम का आयोजन करेंगे। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की सफलता के लिए कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार की गयी। बैठक में स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त सचिव, विशेष सचिव के साथ निदेशक आयुष अब्दुल नुमान अहमद एवं वरीय पुलिस अधीक्षक सीआरपीएफ के कमांडेंट तथा योगदा सत्संग के सदस्य, आर्ट आॅफ लिविंग के सदस्य, रांची विश्वविद्यालय के कुलपति, मारवाड़ी कॉलेज के प्राचार्य सहित अन्य लोग उपस्थित थे।