नयी दिल्ली: झारखंड सरकार और ओरेकल कंपनी के बीच सोमवार को नयी दिल्ली में राज्य में नागरिकों को बेहतर सेवा देने और झारखंड को आकर्षक स्टार्ट-अप मंजिल के रूप में विकसित करने के लिए एमओयू किया गया। मौके पर मुख्यमंत्री रघुवर दास, मुख्य सचिव राजबाला वर्मा, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव संजय कुमार और ओरेकल की सीइओ साफ्रा कैट्ज उपस्थित थीं। आइटी सचिव सुनील कुमार बर्णवाल और ओरेकल इंडिया के क्षेत्रीय प्रबंध निदेशक शैलेंद्र कुमार ने एमओयू पर हस्ताक्षर किये।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि झारखंड सरकार राज्य की जनता की भलाई के लिए तेजी से कार्य कर रही है। हमारा लक्ष्य है कि राज्य पूरे देश में ग्लोबल कंपनियों के स्टार्ट अप हब के रूप में पहली पसंद बने। इस कार्य में ओरेकल अपने व्यापक वैश्विक अनुभव, तकनीक और क्षमता की बदौलत सबसे उपयुक्त सहयोगी की भूमिका निभायेगा।

स्मार्ट बनेंगे सरकार के विभाग
झारखंड में लोगों की बढ़ती जरूरतों और आकांक्षाओं तथा व्यापार को विकसित करने की दिशा में ओरेकल अपनी विश्व स्तरीय सेवाएं देगी। सरकार के विभिन्न विभागों को पारदर्शी, कुशल और स्मार्ट बनाने का कार्य करेगी। झारखंड सरकार और ओरेकल मिलकर ऐसे क्षेत्रों की खोज कर चिह्नित करेंगे, जहां कंपनी अपनी नयी तकनीक के जरिये नागरिकों को बेहतर सेवाएं देने के साथ ही व्यापारिक आवश्यकताओं का समाधान करेगी।

स्टार्ट अप को मिलेगा बढ़ावा
झारखंड सरकार ओरेकल की तकनीकी सेवाओं का उपयोग कर एक ऐसा प्लेटफार्म बनाना चाहती है, जिसके माध्यम से युवाओं के बीच नवाचार और उद्यमिता को प्रोत्साहित किया जा सके। इसके साथ ही झारखंड को पूरे विश्व में सबसे पसंदीदा स्टार्ट अप राज्य के रूप में स्थापित किया जा सके। वर्ष के प्रारंभ में केंद्र सरकार ने झारखंड में स्टार्ट अप को बढ़ावा देने के लिए सहायता की थी। इसी दिशा में पहल करते हुए राज्य सरकार ओरेकल के माध्यम से क्लाउड बेस्ड प्लेटफार्म तैयार कर रही है। मोमेंटम समिट के दौरान हुए प्रयास सतह पर उतरने लगे हैं।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version