रांची: राजधानी रांची के पंडरा एलएन मिश्रा कॉलोनी में एमएससी के छात्र का अगवा कर फेसबुक में तस्वीर डाले जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इसके बाद से रांची पुलिस में हड़कंप मचा है।
जानकारी के मुताबिक मूल रूप से गढ़वा के रहनेवाले छात्र राहुल उपाध्याय (22 वर्ष) पिता प्रदीप उपाध्याय का अपहरण कर लिया गया। इसके बाद उसे अपहर्ताओं ने कहीं बंधक बना रखा है। अगवा करने के बाद उसे बेरहमी से पीटा गया है। हाथ पांव बांध दिये गये हैं। इस हालत में उसकी एक तस्वीर चंचला उपाध्याय नाम के फेसबुक वाल पर पोस्ट की गयी है। इसमें धमकी भरे लहजे में यह भी लिखा है कि राहुल को किडनैप कर लिया गया है। अगर कोई पुलिस के पास गया, तो इसको मार देंगे। इस पोस्ट के बाद राहुल के परिजन दहशत में हैं। इसके बाद राहुल के पिता प्रदीप उपाध्याय ने पंडरा थाने पहुंच कर प्राथमिकी दर्ज करायी है। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज करने के बाद बच्चे की बरामदगी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है। पुलिस की प्राथमिकता है बच्चे को सुरक्षित निकालना।
मां और मौसी को फोन कर कहा था- अपहरण के बाद कर देगा मर्डर
राहुल के पिता के मुताबिक उसने सोमवार 8 मई को सुबह नौ बजे अपनी मां और मौसी को फोन कर कहा था कि मेरा आज अपहरण कर लिया जायेगा। कुछ लोग मेरा पीछा कर रहे हैं। अपहरण के बाद हत्या भी हो सकती है। इसकी जानकारी मिलते ही राहुल के पिता प्रदीप उपाध्याय रांची पहुंच गये और पंडरा पुलिस को जानकारी दी।
प्रेम-प्रसंग विवाद में दी थी धमकी
राहुल के पिता प्रदीप उपाध्याय ने पुलिस को बताया कि गढ़वा की एक युवती से प्रेम प्रसंग था। मामले को लेकर गांव में पंचायत हुई थी और सुलह भी हुआ था। बावजूद इसके संबंधित लोगों ने धमकी दी थी। इसे लेकर प्रदीप उपाध्याय ने आशंका जतायी है कि उन्हीं लोगों ने उसका अपहरण कर लिया है। पुलिस इस बिंदु पर भी छानबीन में जुट गयी है।