चाईबासा: मुख्यमंत्री रघुवर दास ने शनिवार को चाईबासा के टाटा कॉलेज मैदान में कोल्हान प्रमंडल स्तरीय ‘सरकार आपके द्वार’ अभियान 2017 की शुरुआत की। सीएम ने कोल्हान प्रमंडल के पंचायत सदस्य और मुखिया से कहा कि सत्ता का विकेंद्रीकरण करने के लिए उनकी सरकार ने पंचायत की भूमिका तय की है। इसके तहत 1 जून से राज्य में पंचायत सचिवालय काम करना शुरू कर देगा। गांव का विकास अब मुखिया के नेतृत्व में पंचायत सदस्य करेंगे। 20 हजार पंचायत सदस्य अगले तीन-चार साल में झारखंड को एक विकसित राज्य बनाने में मुख्य भूमिका निभायेंगे। उन्होंंने कहा कि यह देश का रोल मॉडल भी बनेगा। सीएम ने कहा कि झारखंड की प्रत्येक पंचायत को जीवंत एवं सशक्त बनाने की दिशा में तेजी से काम करने की जरूरत है। इसके लिए सभी पंचायत सदस्यों को सक्रिय भूमिका निभानी होगी। मुख्यमंत्री रघुवर दास शनिवार को चाईबासा के टाटा कॉलेज मैदान में प्रमंडल के पंचायत स्वयंसेवकों एवं मुखिया के सम्मेलन में बोल रहे थे।
अनाथ, विधवा, भूमिहीन और आवासहीन चिह्नित
मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि पंचायत स्वयंसेवकों के माध्यम से हुए सर्वे में अनाथ बच्चे, विधवा, भूमिहीन तथा आवासहीन लोगों की पहचान कर ली गयी है। अब सरकार उनकी समस्याओं के निदान की दिशा में तेजी से कदम बढ़ा रही है। उन्होंने कहा कि गरीबों को अब प्रखंड मुख्यालय के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं होगी। उनकी समस्याओं का निदान पंचायत सचिवालय के माध्यम से ही किया जा सकेगा।