भोपाल: मध्यप्रदेश में भाजपा एक बार फिर से विवादों में आ गई है। यहां की पुलिस की साइबर सेल ने ऑनलाइन सेक्स रैकेट चलाने के आरोप में भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी समेत 9 लोगों को गिरफ्तार किया है। इससे पार्टी की मुश्किलें अब बढ़ गई हैं। हाल ही में नियुक्त किए गए इस नेता को निकालकर पार्टी ने इनसे किनारा कर लिया है।
प्रदेश के साइबर सेल मुख्यालय ने इस हाईटेक सैक्स रेकेट गिरोह का पर्दाफाश किया है। मध्यप्रदेश पुलिस ने सैक्स रैकेट चला रहे भाजपा नेता और उसके सदस्यों के चंगुल से कुछ लड़कियों को छुड़ाया है। लड़कियों की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
रिपोर्ट के मुताबिक भाजपा नेता अश्लील वेबसाइट के जरिए लड़कियां सप्लाई करने का काम करता है। साइबर पुलिस के मुताबिक गिरोह के सदस्य अश्लील वेबसाइट के जरिए कस्टमर की तलाश करते थे और फिर उनके पास लड़कियों की सप्लाई की जाती थी।
इस गिरोह का मुखिया अनुसूचित जाति मोर्चे का मीडिया प्रभारी नीरज शाक्य है, जो राजनीति की आड़ में अपने धंधे को मजे से परवान चढ़ा रहा था लेकिन पुलिस के हत्थे आने के बाद भाजपा ने भी उससे पल्ला झाड़ लिया है।
आपको बता दें कि यह पहला मौका नहीं है जब भाजपा इस तरह की मुसीबत झेल रही हो । इससे पहले भाजपा अपने अनुशांगिक संगठन भारतीय जनता युवा मोर्चा के भोपाल जिला आईटी सेल संयोजक ध्रुव सक्सेना के एटीएस से पकड़े जाने के बाद परेशानी में आ गई थी।
ध्रुव सक्सेना को एटीएस ने आईएसआई के लिए जासूसी करने के आरोप में पकड़ा था। ध्रुव पर आरोप था कि वो एक टेलीफोन एक्सचेंज के जरिये सेना की जानकारियां पाकिस्तान भेज रहा था और इसके लिए हवाला से करोड़ों रूपए पाकिस्तान से भी आ रहा था।
इस काण्ड के उजागर होने से भाजपा की खासी किरकिरी हुई थी। बता दें कि इस घटना से सबक लेते हुए भाजपा ने अपने अल्पसंख्यक मोर्चे के पदाधिकारियों से सद्चरित्र होने के एफिडेविट भी लिए थे। वजह थी साफ चरित्र के लोगो को संगठन में जगह देना, लेकिन भाजपा के सारे प्रयास एक बार फिर विफल हो गए, जब एक बार फिर भाजपा के अनुसूचित मोर्चे का जिम्मेदार पदाधिकारी सेक्स काण्ड में पकड़ा गया। बहरहाल एक बार फिर भाजपा कांग्रेस के निशाने पर है।