रांची: दुमका में डिप्टी डायरेक्टर (पंचायती राज पदाधिकारी) कार्तिक राम प्रभात की बेटी प्रीति शालिनी की दुर्घटना में मौत हो गयी। बताया जा रहा है कि प्रीति की गाड़ी भुनेश्वर से पुरी जाते समय ट्रक से टकरा कर खाई में गिर गयी थी। प्रीति भुनेश्वर स्थित किट्ज में बीटेक की छात्रा थी। घटना शुक्रवार देर रात की है।
दुर्घटना में प्रीति समेत कोलकाता की एक छात्रा की मौत हो गयी है। वहीं तीन अन्य छात्राएं गंभीर रूप से घायल हैं। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार सवार सभी लोग कार में ही फंसे रह गये थे। करीब 30 मिनट के बाद रोड पर मौजूद लोगों ने सभी को कार से निकाला और पास के अस्पताल भिजवाया।
आइआइएम रांची में हुआ था सेलेक्शन
प्रीति ने रांची के लॉरेटो स्कूल से दसवीं और डीपीएस से 12वीं की पढ़ाई पूरी की। इसी वर्ष प्रीति का फाइनल एग्जाम था। आइआइएम रांची के लिए भी उसका सेलेक्शन हो चुका था। परीक्षा खत्म होने के बाद प्रीति अपने दोस्तों के साथ पुरी घूमने जा रही थी। दुर्घटना के वक्त ड्राइवर ही गाड़ी को चला रहा था।
दुमका में पदस्थापित हैं पिता कार्तिक
मृतका के पिता कार्तिक कुमार प्रभात दुमका में उप निदेशक (पंचायती राज) के पद पर पदस्थापित है। पूर्व में वह रांची के एलआरडीसी और एसडीओ भी रह चुके हैं। रांची के बरियातू में उनका अपना मकान है, जहां पूरा परिवार रहता है।
मां को नहीं दी गयी घटना की सूचना
घटना की सूचना भुवनेश्वर पुलिस ने परिजनों को शुक्रवार देर रात को ही दे दी थी। उसके पिता कुछ रिश्तेदारों के साथ शव को लाने के लिए रवाना हो गये हं। शनिवार देर रात छात्रा के शव को रांची लाया गया। रविवार को शव का अंतिम संस्कार किया जायेगा। शव पहुंचने तक इसकी सूचना मृतका की मां को नहीं दी गयी थी। पूरे मुहल्ले में प्रीति की मौत के बाद गम का माहौल है। मुहल्ले के लोगों ने पूरे परिवार को संभाल रखा है। प्रीति की दो बहनें और एक भाई है। भाई सबसे छोटा है। वहीं एक बहन की शादी हो चुकी है, जबकि एक बहन पढ़ाई कर रही है।