रांची: मोदी सरकार के तीन साल पूरे होने पर भाजपा शासित राज्यों में जश्न मनाये जा रहे हैं। झारखंड में भी पार्टी और भाजपानीत सरकार उत्सव मनायेगी। मुख्यमंत्री रघुवर दास ने इसका आगाज मोदी सरकार की तीन साल की उपलब्धियां गिना कर किया। सीएम ने तीन साल के कामकाज, योजनाओं और उपलब्धियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। बताया कि मोदी के तीन साल के कार्यकाल बेमिसाल हैं। रघुवर दास ने राज्य की सवा तीन करोड़ जनता की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चल रही अब तक की सफलतम सरकार और उसकी गौरवमयी उपलब्धियों के हासिल होने पर बधाइयां भी दीं।

प्रोजेक्ट भवन सभाकक्ष में पत्रकारों से बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि केंद्र सरकार जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरी है। उन्होंने कहा कि इन तीन सालों में नरेंद्र मोदी ने पूरे देश में विश्वास का रिश्ता कायम किया है। देश सुपर पावर बनने की राह पर है। प्रधानमंत्री ने विकास की जो नींव मजबूत की है, उससे 21वीं सदी निश्चित रूप से भारत की होगी। उन्होंने कहा: जीएसटी विधेयक पास होना देश के लिए क्रांतिकारी कदम है। नोटबंदी साहसिक कदम है। मोदी जी ने इन तीन साल में पूरे विश्व में भारत का लोहा मनवाया है।
चीन और अमेरिका की बराबरी में लाने के लिए अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने में जुटी है केंद्र सरकार
सीएम ने कहा कि चीन और अमेरिका की बराबरी में लाने के लिए अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने में केंद्र सरकार जुटी है। इस दिशा में तेजी से कदम भी बढ़ रहे हैं। सबसे बड़ी उपलब्धि है कि कोई भी भ्रष्टाचार का मामला तीन साल में नहीं आया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में अगले दस सालों में देश आर्थिक रूप से सुपर पावर देश बनेगा। स्टैंडअप इंडिया और स्टार्ट अप इंडिया योजना, स्किल इंडिया आदि देश के युवाओं को अपने पांवों पर खड़ा करने में कारगार हो रही है। इससे मजदूर भी मालिक बन रहे हैं।

देश ने चौतरफा विकास किया है
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के कार्यों को आम लोगों का भी सहयोग रहा है। एलपीजी गैस सब्सिडी छोड़ने की योजना हो या स्वच्छ भारत योजना, प्रधानमंत्री के साथ लोग खड़े नजर आये। विकास के मुद्दे पर केंद्र सरकार की योजनाओं ने बेहतर कार्य किया है। जीएसटी विधेयक पास कराना भी बड़ी उपलब्धि मानी जायेगी। देश ने चौतरफा विकास किया है। कालाधन और भ्रष्टाचार पर सरकार ने लगातार प्रहार किया है। दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत आर्थिक महाशक्ति बनेगा।

तीन साल में सदी की महान योजनाओं का साक्षी बना भारत
केंद्र की सहायता से झारखंड में भी काफी काम हो रहा है। तीन साल में भारत सदी की कुछ महान योजनाओं का साक्षी बना है। देश को नयी सोच और ऊर्जा देने में प्रधानमंत्री सफल रहे हैं। समाज के अंतिम व्यक्ति तक केंद्र सरकार की पहुंच बढ़ी है। विश्व में भारत का रुतबा बढ़ा है। देश को ऐसे प्रधानमंत्री मिले हैं, जो सिर्फ देश की तरक्की के बारे में ही नहीं सोचते, बल्कि उसके लिए कड़ी मेहनत भी करते हैं। तीन साल में मोदी सरकार के खाते में उपलब्धियों की भरमार है।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version