रांची। राजधानी रांची के कोकर चौक के पास मंगलवार को पेट्रोल पंप परिसर में अचानक तेज धमाका होने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। धमाके की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के लोग घबरा गए और अपने घरों व दुकानों से बाहर निकल आए।

धमाके के बाद आसपास की कई दुकानों और मकानों के शीशे टूट गए। घटना के समय सड़क पर लोगों की आवाजाही भी थी, जिसके कारण कुछ देर के लिए इलाके में अफरा-तफरी की स्थिति बन गई और यातायात प्रभावित हुआ।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास सुरक्षा बढ़ा दी। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पेट्रोल पंप परिसर में लगे एग्जॉस्ट फैन में ब्लास्ट हुआ था। इसी वजह से तेज आवाज हुई और आसपास की दुकानों व मकानों के शीशे टूट गए।

पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों के अनुसार, जांच पूरी होने के बाद ही धमाके की वजह और इससे हुए नुकसान की स्पष्ट जानकारी सामने आएगी।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और यह भी देखा जा रहा है कि एग्जॉस्ट फैन में ब्लास्ट किस तकनीकी कारण से हुआ।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version