यूपी : महागठबंधन और भाजपा में कांटे की टक्कर

एजेंसी
नयी दिल्ली। लोकसभा चुनाव 2019 के लिए वोटिंग खत्म होने के साथ ही एग्जिट पोल्स के नतीजे आने शुरू हो गये हैं। एग्जिट पोल के मुताबिक सबसे ज्यादा 80 सीटों वाले उत्तर प्रदेश में भाजपा गठबंधन को 58 सीटें मिल रही हैं, जबकि उसे अकेले 56 सीटें मिलने का अनुमान है। यहां सबसे करारा झटका महागठबंधन को लगता दिख रहा है। एसपी-बीएसपी और आरएलडी के साझा गठबंधन को महज 20 सीटें मिलती दिख रही हैं। वहीं, प्रियंका गांधी वाड्रा और राहुल गांधी के सघन प्रचार के बाद भी कांग्रेस के महज दो सीटों पर ही जीतने की संभावना है। राज्य में अलग-अलग पोल के नतीजों में अंतर हैं। कई पोल में बीजेपी को बड़ी बढ़त दिखायी गयी है, तो कई स्थानों पर महागठबंधन की लहर बतायी जा रही है। यदि औसत निकालें तो बीजेपी के नेतृत्व वाले एनडीए को 43 सीटें मिलने का अनुमान है, जबकि महागठबंधन को 35 और कांग्रेस को महज दो सीटें मिलने का ही अनुमान है। सर्वे के मुताबिक बीजेपी गठबंधन को भले ही 2014 के मुकाबले यूपी में 15 सीटों का नुकसान होता दिख रहा है। पोल के अनुसार एसपी-बीएसपी-आरएलडी गठबंधन को 20 सीटें मिल सकती हैं। पिछली बार तीनों पार्टियों ने अलग चुनाव लड़ा था और महज पांच सीटें मिली थीं। ऐसे में इन तीनों दलों को 15 सीटों का लाभ होता दिख रहा है, लेकिन उम्मीदों से यह बेहद कम है।

बंगाल में भाजपा को फायदा, ममता को झटका
एजेंसी
नयी दिल्ली। लोकसभा चुनाव के लिए सातों चरणों की वोटिंग पूरी हो चुकी है। अब सबकी निगाहें 23 मई को होने वाली मतगणना पर टिकी हुई हैं। पश्चिम बंगाल में मुख्य मुकाबला भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस, बीजेपी और आॅल इंडिया तृणमूल कांग्रेस (एआइटीसी) के बीच है। एग्जिट पोल के मुताबिक, यहां पर बीजेपी को नौ सीटों का फायदा मिलने की उम्मीद है, जबकि कांग्रेस को दो सीटों और ममता बनर्जी की तृणमूल कांग्रेस को छह सीटों का नुकसान होता नजर आ रहा है। पश्चिम बंगाल की कुल 42 लोकसभा सीटों पर हुए मुकाबले में वर्ष 2014 में कांग्रेस को चार सीटें मिली थीं, बीजेपी के हिस्से में दो सीटें आयी थीं और तृणमूल कांग्रेस को 34 सीटें मिली थीं। यहां लेफ्ट फ्रंट को दो सीटें हासिल हुई थीं। एग्जिट पोल के मुताबिक 2019 में कांग्रेस को दो सीटों का नुकसान हो सकता है, ऐसे में उसे सिर्फ दो सीटों पर जीत मिलने की उम्मीद है। वहीं, बीजेपी को इस बार नौ सीटों का फायदा हो सकता है, जिससे बीजेपी पश्चिम बंगाल में 11 सीटों पर जीत हासिल कर सकती है। तृणमूल कांग्रेस को छह सीटों के नुकसान के साथ 28 सीटें मिलने की उम्मीद है। यहां पर एग्जिट पोल के मुताबिक लेफ्ट फ्रंट भी एक सीट पर सिमट जायेगा।
बिहार में एनडीए को नुकसान, गठबंधन को थोड़ा फायदा
एजेंसी
नयी दिल्ली। बिहार में मुख्य मुकाबला कांग्रेस और राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के नेतृत्व वाले महागठबंधन और बीजेपी-जेडीयू वाले एनडीए गठबंधन के बीच में है। एग्जिट पोल के मुताबिक, बिहार में इस बार बीजेपी गठबंधन को कुल 30 सीटें और महागठबंधन को कुल 10 सीटें मिलती दिख रही हैं। गौरतलब है कि 2014 के लोकसभा चुनाव में एनडीए को बिहार में 40 में से 30 सीटों पर जीत हासिल हुई थी। इस बार भी सीटों की स्थिति में कोई बदलाव होता नहीं दिख रहा है। आरजेडी और कांग्रेस के गठबंधन के बावजूद विपक्ष को कोई खास फायदा होने की संभावना नहीं है। एनडीए को कुल 30 और महागठबंधन को 10 सीटें मिलने का अनुमान है।
बिहार में वोट प्रतिशत की बात करें तो एनडीए को यहां भी नुकसान होता दिखाई दे रहा है। 2014 में जब जेडीयू एनडीए में नहीं थी, तब उसे 51.5 फीसदी वोट मिले थे। इस बार जेडीयू के साथ आने के बावजूद उसे वोट प्रतिशत में 2.98 फीसदी का नुकसान होने की संभावना है। वहीं, महागठबंधन जिसे 2014 में सिर्फ 32.8 फीसदी वोट मिले थे, उसे इस बार 42.78 फीसदी वोट मिलने की संभावना जतायी जा रही है।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version