एजेंसी
भुवनेश्वर/ रायपुर। नक्स्ल विरोधी अभियान में लगे सुरक्षा बलों ने बुधवार को ओडिशा और छत्तीसगढ़ में दो मुठभेड़ों में सात नक्सलियों को मार गिराया। इनमें चार महिला नक्सली भी शामिल हैं।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार ओडिशा के कोरापुट जिले में मुठभेड़ में तीन महिला माओवादियों सहित पांच माओवादी मारे गये हैं। घटनास्थल आंध्र प्रदेश की सीमा के नजदीक है। कोरापुट के एसपी कंवर विशल सिंह ने बताया कि सुरक्षा बलों और माओवादियों के बीच मुठभेड़ कोरापुट जिले के पडुआ वन क्षेत्र में हुई है। मुठभेड़ स्थल से पांच शव बरामद किये गये हैं। इसके अलावा ाड़ी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद भी मिला है। मारे गये नक्सलियों में तीन महिला हैं। उनकी पहचान की कोशिश की जा रही है।
उधर छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा में डीआरजी और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने मुठभेड़ के दौरान दो नक्सलियों को मार गिराया है। नक्सल विरोधी अभियान के डीआइजी ने बताया कि सिर्फ एक महिला नक्सली का शव मिला है। इस अभियान की खास बात यह रही कि महिलाओं ने भी कमांडो के रूप में डीआरजी के लड़ाकों का साथ दिया। इन्हें दंतेश्वरी लड़ाके नाम दिया गया है, जो राज्य की पहली महिला डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड (डीआरजी) की टीम है। डीआइजी सुंदरराज पी ने बताया, मुठभेड़ में एक महिला नक्स्ली का शव मिला है। उन्होंने बताया कि कुछ और नक्सली भी आॅपरेशन में मारे गये हैं। दंतेवाड़ा के अरनपुर थाना क्षेत्र के पास गोंदरस जंगल में बुधवार तड़के करीब पांच बजे नक्सलियों और डीआरजी और एसटीएफ के संयुक्त टीम के बीच मुठभेड़ में नक्सलियों को मार गिराया गया। वहां से एक राइफल और गोला-बारूद के साथ 12 बोर का एक हथियार और अन्य खतरनाक सामग्री बरामद की गयी है।