जितेंद्र मिश्रा/मनोज गोप
जमशेदपुर/धनबाद। मुख्यमंत्री रघुवर दास ने धनबाद और जमशेदपुर में चुनावी सभा की। इस दौरान उन्होंने भाजपा प्रत्याशी को जीताने की अपील की। गुरुवार को उन्होंने कहा कि सोनिया जहां की मूलवासी हैं, वहां के पत्रकार ने भी अपनी रिपोर्ट में खुलासा किया है कि भारत द्वारा पाकिस्तान में आतंकी ठिकानों पर हुई एयर स्ट्राइक में 130 से 170 आतंकी मारे गये। झारखंड का कोयला भी कांग्रेस ने लूटा है। वंशवाद की राजनीति करने वाली कांग्रेस यह बात हजम नहीं कर पा रही है कि देश में एक गरीब का बेटा प्रधानमंत्री बना है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि चोरों के समूह द्वारा महागठबंधन बनाया गया है। उन्हें पता है कि मोदी आयेगा तो जिस तरह चारा घोटाला में लालू यादव जेल में हैं, उसी प्रकार आदिवासियों को छलने वाले झामुमो नेता होटवार जेल और हरियाणा में जमीन घोटाला करने वाले कांग्रेस के नेता तिहाड़ जेल जायेंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी का एक ही लक्ष्य है देश और राज्य की सत्ता में थ्री जी परिवार के लोग ही आसीन हों। ऐसे लोगों को देश के विकास और गरीबी दूर करने में दिलचस्पी नहीं। लेकिन 2019 का चुनाव राजतंत्र बनाम लोकतंत्र है।
रघुवर दास ने कहा कि केंद्र और राज्य की सरकार ने झारखंड के महापुरुषों को सम्मान दिया है। कांग्रेस पार्टी ने सिर्फ गांधी परिवार को ही श्रेय देने का काम किया। 2019 का चुनाव कोई साधारण चुनाव नहीं है। यह चुनाव देश का चुनाव है। कहा कि झारखंड की सवा तीन करोड़ जनता के चेहरे पर मुस्कुराहट लाना ही हमारी सरकार का उद्देश्य है। आजादी के बाद से किसी भी सरकार ने असंगठित मजदूरों की चिंता नहीं की, मोदी सरकार ने उनके लिए पेंशन की चिंता की।
झरिया में पानी की समस्या का जल्द होगा निदान
झरिया में सीएम रघुवर दास ने कहा कि झरिया जहां भी बसेगा, सारी सुविधा के साथ बसेगा। पानी की विकराल समस्या का जल्द ही निदान होगा।
झामुमो नेता होटवार, कांग्रेस के नेता तिहाड़ जेल जायेंगे: CM
Previous Articleराजीव गांधी पर टिप्पणी के बाद गरमायी सियासत
Next Article मोदी से बड़ा कायर PM नहीं देखा : प्रियंका