लखनऊ: राजधानी के सीतापुर रोड स्थित हर्षा हॉस्पिटल में बुधवार रात एक महिला ने एक साथ चार बच्चों को जन्म दिया। इनमें दो लड़के और दो लड़कियां हैं। डॉक्टरों के मुताबिक ऑपरेशन के बाद जच्चा-बच्चा सभी स्वस्थ हैं। गोंडा निवासी रिहाना (27) को प्रसव पीड़ा उठने पर सीतापुर के जिला अस्पताल ले जाया गया था। परिजनों के अनुसार, हालत नाजुक बताते हुए डॉक्टरों ने रिहाना को लखनऊ रेफर कर दिया। बुधवार रात आठ बजे रिहाना को हर्षा अस्पताल में भर्ती करवाया गया।
यहां की डॉ. आशा मिश्रा ने तुरंत ऑपरेशन किया। आधे घंटे तक चले ऑपरेशन के बाद चार बच्चों का जन्म हुआ। डॉ. आशा के अनुसार प्रसव का समय पूरा नहीं हुआ था। आठ महीने की गर्भवती होने के कारण ऑपरेशन क्रिटिकल था। हालांकि, जच्चा-बच्चा सभी पूरी तरह ठीक हैं। ऑपरेशन करने वाली टीम में एनेस्थेटिक डॉ. पूर्णेंदु मिश्रा, डॉ. वैभव जैन शामिल रहे।