एजेंसी
फतेहगढ़ साहिब। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा कि 1984 के सिख दंगों पर सैम पित्रोदा ने जो कुछ भी कहा है, वो बिल्कुल गलत है। राहुल गांधी पंजाब के फतेहगढ़ साहिब में लोकसभा चुनाव प्रचार करने के लिए पहुंचे। यहां एक जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि सैम पित्रोदा को ऐसा नहीं कहना चाहिए था। इसके लिए उन्हें पूरे देश से माफी मांगनी चाहिए। राहुल ने बताया कि मैंने उन्हें फोन किया था और कहा था कि उन्होंने जो कुछ बोला है, वो सरासर गलत है। उन्हें ऐसा बोलने पर शर्म आनी चाहिए और सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए। बता दें कि लोकसभा चुनाव 2019 के अंतिम चरण में पंजाब का सियासी पारा चढ़ता जा रहा है। राहुल गांधी पहली बार प्रदेश में कांग्रेस के लिए रैली कर रहे हैं। फतेहगढ़ साहिब से कांग्रेस के अमर सिंह चुनाव लड़ रहे हैं।
पीएम मोदी पर किया तीखा वार
बता दें, पीएम मोदी और अन्य विरोधी दल दंगों को लेकर दिये पित्रोदा के बयान पर कांग्रेस को लगातार घेर रहे थे। ऐसे में सोमवार को राहुल गांधी ने पलटवार करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर जमकर निशाना साधा । उन्होंने कहा कि पांच साल पहले मोदी पीएम बने। तीन चार बड़े वादे किये, लेकिन एक भी वादे को पूरा नहीं किया। मोदी ने बेरोजगारी मिटाने का वादा किया था, लेकिन रोजगार वालों को भी बेरोजगार बना दिया। 56 इंच के सीने वाला कहता था कि सभी के खाते में 15 लाख आयेंगे, लेकिन यह वादा भी पूरा नहीं हुआ।
राहुल ने कहा कि नोटबंदी अगर कालेधन के खिलाफ लड़ाई थी, तो गरीब लाइन में क्यों दिखे। गरीबों के स्तर को ऊंचा उठाने के लिए उन्होंने अर्थशास्त्रियों को बुलाया और न्याय स्कीम बनायी। मोदी ने लाखों करोड़ रुपया अडानी, अंबानी जैसे कुछ उद्योगपतियों को दिया, लेकिन कांग्रेस सरकार गरीब के खाते में पैसे डालेगी। कांग्रेस पार्टी ने निर्णय लिया कि पैसा पांच करोड़ महिलाओं के खाते में जायेगा और यह न्याय योजना के तहत हो पायेगा। कांग्रेस सरकार आयी, तो गरीबों की जिंदगी बदल जायेगी।
राहुल ने कहा कि न्याय योजना गरीबों के लिए बहुत उपयोगी होगी। इसके तहत हर वर्ष गरीबों के खाते में 72 हजार रुपये आयेंगे। नोटबंदी के बाद मोदी ने गरीबों और छोटे व्यापारियों की जेब से पैसा निकाला और उद्योगपतियों की जेब में डाल दिया, इससे भारत की अर्थव्यवस्था पूरी तरह नष्ट हो गयी। बेरोजगारी पैदा हो गयी। 22 लाख सरकारी नौकरियां खाली पड़ी हैं। 10 लाख युवाओं को पंचायतों में रोजगार मिलेगा, लेकिन पंचायत व्यवस्था को तो चौपट करके रख दिया गया है।
राहुल ने कहा कि पंजाब हरित क्रांति का केंद्र रहा है। किसान देश को भोजन देता है। जहां भी हमारी सरकार बनी, वहां किसानों का कर्ज माफ किया गया। जो वादा किया, उसे पूरा किया गया। हमने किसानों का कर्ज माफ करके दिखाया। यूपीए के समय न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) बढ़ती रहती थी। मोदी ने फसलों का सही दाम नहीं दिया है।
कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस सरकार आयी, तो देश का कोई किसान कर्जा नहीं लौटने के लिए जेल में नहीं डाला जायेगा। प्रधानमंत्री देश का मालिक नहीं होता, बल्कि किसान, मजदूर, महिलाएं देश के मालिक होते हैं। मोदी ने रेलवे बजट बंद किया, लेकिन हम रेल बजट के साथ-साथ किसान के लिए भी अलग से बजट पेश करेंगे।