हैदराबाद/गंगटोक/इटानगर/भुवनेश्वर। आंध्रप्रदेश विधानसभा चुनाव के नतीजों में वाइएसआर कांग्रेस को बहुमत मिल गया है। 46 साल के जगनमोहन रेड्डी राज्य के अगले मुख्यमंत्री होंगे। वह 30 मई को शपथ ले सकते हैं। उन्होंने 69 साल के टेक सेवी मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू की पार्टी तेदेपा को करारी शिकस्त दी। तेदेपा दहाई अंकों पर सिमट गयी। वाइएसआर कांग्रेस 152 सीटों पर आगे चल रही है। राज्य में बहुमत के लिए 175 सीटों में से 88 सीटें चाहिए। उधर, मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने शाम को अपना इस्तीफा राज्यपाल इएसएल नरसिम्हन को सौंप दिया।
इस चुनाव में तेदेपा के वोट शेयर में करीब 5.94% की गिरावट रही। इससे पार्टी को 2014 के मुकाबले (102 सीटें) 79 सीटों को नुकसान हुआ। उधर, वाइएसआर कांग्रेस के वोट शेयर में 5.7% का इजाफा हुआ है। इससे पार्टी को 85 सीटों का फायदा हुआ। भाजपा के वोट शेयर में भी डेढ़ फीसदी की गिरावट देखी गयी। भाजपा और कांग्रेस खाता भी नहीं खोल पायी।
जीत पर जगन ने कहा कि यह जनता की जीत है। मैं लोगों की उम्मीद को पूरा करने की कोशिश करूंगा। वाइएसआर कांग्रेस और मुझ पर भरोसा जताने के लिए शुक्रिया।
जगन ने 8 साल में पूरा किया सपना
वाइएसआर कांग्रेस के चीफ जगन मोहन रेड्डी आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता वाइएसआर राजशेखर रेड्डी के बेटे हैं। दो सितंबर 2009 को हेलिकॉप्टर दुर्घटना में राजशेखर रेड्डी की मौत हो गयी थी। उस वक्त कांग्रेस आलाकमान ने जगन को पार्टी की बागडोर नहीं दी। नाराज जगन ने पार्टी से अलग होने का फैसला लिया। 12 मार्च 2011 को वाइएसआर कांग्रेस का गठन किया। इसके बाद उन्होंने राज्य में पहला चुनाव 2014 में लड़ा और पार्टी ने 67 सीटें जीतीं। इस चुनाव में शानदार जीत पर जगन के एक करीबी नेता ने कहा कि आज उनका सपना पूरा हो गया।
ओडिशा में नवीन पटनायक लगातार पांचवीं बार सरकार बनाने जा रहे हैं। इससे पहले उन्होंने 2000, 2004, 2009 और 2014 में सरकार बनायी थी। उनकी पार्टी बीजद 115 सीटों पर कब्जा जमा चुकी है। राज्य में सरकार बनाने के लिए 74 सीटें (कुल 147) चाहिए। ओडिशा की जनता ने बीजू जनता दल पर एक बार फिर भरोसा जताया है। इस चुनाव में पार्टी की सीटें कुछ कम हुई हैं, लेकिन वोट शेयर में करीब 1.03% का इजाफा हुआ है। भाजपा को सबसे ज्यादा फायदा हुआ। पार्टी को 20 सीटें मिली हैं। 2014 के चुनाव में भाजपा को सिर्फ 10 सीटें मिली थीं। पार्टी के वोट शेयर में करीब 14% का इजाफा हुआ है।
उधर, अरुणाचल में भाजपा की सरकार बन रही है। सिक्किम में पवन कुमार चामलिंग की पार्टी एसडीएफ और एसकेएम के बीच कांटे की टक्कर है। पवन पिछले 25 साल से सरकार के मुखिया हैं।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version